Bharat Express DD Free Dish

‘AC में बैठकर मसखरेपन…’ ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर किया हमला, 2027 के चुनाव को लेकर कसा तंज

OP Rajbhar News: यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर ‘एसी में बैठकर ट्वीट’ करने और विपक्ष में मुद्दों की कमी का तंज कसा.

OP Rajbhar News: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है. योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की कार्यशैली पर जमकर तंज कसा.

ओपी राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मित्र अखिलेश जी, विपक्ष में रह कर आपके पास उठाने के लिए कोई मुद्दा तो रह नहीं गया है इसलिए आप मसखरेपन पर आ गए हैं.” राजभर ने दावा किया कि सरकार गरीबों, महिलाओं, किसानों और नौजवानों के हित में काम कर रही है. साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्रवाई का भी जिक्र किया.

एसी में बैठकर ट्वीट करते अखिलेश- राजभर

राजभर ने अखिलेश यादव की सोशल मीडिया राजनीति पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने समाजवादी पार्टी को परिवारवाद से जोड़ते हुए लिखा कि अखिलेश यादव के पोस्ट पर उनके समर्थक वाहवाही करते हैंऔर इससे उन्हें खुशी मिलती है. उन्होंने यह भी तंज कसा कि अब अखिलेश यादव की “एसी में बैठकर ट्वीट” करने की आदत हो गई है और वह जो मिलता है, उसे पोस्ट कर रहे हैं.

कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि अगर अखिलेश यादव चाहें तो वह अपने युवा कार्यकर्ताओं से कुछ “फनी वीडियो” भी भिजवा सकते हैं. इस बयान के जरिए उन्होंने सपा प्रमुख की सोशल मीडिया गतिविधियों को निशाने पर लिया.


ये भी पढ़ें: मथुरा में यमराज बनकर दौड़ा बेकाबू डंपर, 6 साल की मासूम समेत 3 को रौंदा; VIDEO देख कांप जाएगी रूह


ओपी राजभर का यह हमला ऐसे समय हुआ है जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. समाजवादी पार्टी जहां विपक्ष में रहते हुए सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है, वहीं सत्तारूढ़ गठबंधन के नेता अखिलेश यादव पर लगातार पलटवार कर रहे हैं. ऐसे में आने वाले समय में सपा और भाजपा गठबंधन के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read