Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

यूपी की सियासत में नया धमाका! साथ आए चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी, सपा-बसपा के लिए खतरे की घंटी? 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन की खबर सामने आई है. इसके लिए ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम और 150 सीटों पर चुनाव लड़ने का फॉर्मूला तय होने का दावा किया गया है.

Owaisi & Azad Alliance: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की राजनीति में एक बड़ा और चौंकाने वाला समीकरण उभर कर सामने आया है. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिला लिया है. राजनीतिक सूत्रों और दोनों दलों के नेताओं के अनुसार, करीब ढाई घंटे चली मैराथन बैठक के बाद इस नए गठबंधन पर मुहर लग गई है, जिसका नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा गया है.

दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की इस कवायद को उत्तर प्रदेश में तीसरे मोर्चे के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है, जो सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी में है.

‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का फॉर्मूला तय(Owaisi & Azad Alliance)

दोनों नेताओं के बीच लखनऊ में हुई लंबी बातचीत के बाद सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स और पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह नया गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में कुल 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा. इस फॉर्मूले के तहत चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के खाते में 50 सीटें गई हैं. गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को अपना मुख्य चेहरा और मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का फैसला किया है, जिसकी औपचारिक घोषणा लखनऊ में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी.

अखिलेश यादव के इनकार के बाद ओवैसी ने खेला नया सियासी दांव

इस नए राजनीतिक गठजोड़ के पीछे विपक्षी खेमे की खींचतान को सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है. दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी ने इससे पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा था और इसके लिए दो अक्टूबर तक की समयसीमा भी दी थी. लेकिन एआईएमआईएम के प्रवक्ता शादाब चौहान और राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सपा और कांग्रेस की ओर से इस प्रस्ताव में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई गई.

विपक्ष के बड़े दलों से सकारात्मक जवाब न मिलने के बाद ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर एक स्वतंत्र विकल्प खड़ा करने का फैसला लिया है, जिससे यूपी के अल्पसंख्यक और दलित वोटों के ध्रुवीकरण की नई संभावना बन गई है.

26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई मैदान से होगा शक्ति प्रदर्शन

गठबंधन की नींव रखने के साथ ही दोनों नेताओं ने जमीन पर अपनी ताकत दिखाने की रणनीति भी तैयार कर ली है. कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 26 नवंबर को लखनऊ के ऐतिहासिक रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद एक ही मंच से चुनावी बिगुल फूंकेंगे.

चंद्रशेखर आजाद ने इस गठबंधन को लेकर संकेत देते हुए कहा है कि उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं, किसानों और समाज के कमजोर व वंचित वर्गों को राजनीतिक रूप से मजबूत करना है और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा.

सपा के ‘PDA’ और बसपा के कोर वोट बैंक के लिए बड़ी चुनौती

उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित-मुस्लिम समीकरण हमेशा से सत्ता की चाबी माना जाता रहा है. एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अपने ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के दम पर 2027 में सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं मायावती भी अपने कोर वोट बैंक को सहेजने में जुटी हैं.

ऐसे में चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी की यह नई जोड़ी यदि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल की चुनिंदा सीटों पर प्रभाव डालती है, तो इससे विपक्षी वोटों के बिखराव का खतरा बढ़ सकता है. फिलहाल सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अन्य छोटे क्षेत्रीय दल भी इस ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का हिस्सा बनते हैं या नहीं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital