Bharat Express DD Free Dish

संत समाज का आक्रोश मार्च, कहा- ‘पाकिस्तान में साहस है, तो वह सीधे हमारे जवानों का सामना करे’

लखनऊ में संत समाज ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी हमले के विरोध में प्रदर्शन किया और भारत सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एकजुटता और प्रतिकार का संकल्प लिया.

Pakistan Terror Attack
Aarika Singh Edited by Aarika Singh

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए नृशंस आतंकी हमले में निर्दोष हिंदुओं की हत्या के विरोध में मंगलवार को लखनऊ स्थित जीपीओ पार्क में संत समाज और लोक भारती द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक एकत्रित हुए और पाकिस्तान के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया.

संतों और वक्ताओं ने पाकिस्तान समर्थित आतंकियों द्वारा किए गए इस हमले को कायरतापूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में यदि साहस है, तो वह सीधे हमारे जवानों का सामना करे, न कि निहत्थे पर्यटकों की पहचान कर उन्हें मार डाले. वक्ताओं ने भारत सरकार से मांग की कि अब केवल निंदा नहीं, बल्कि निर्णायक कार्रवाई का समय आ गया है.

पाक अधिकृत कश्मीर की मुक्ति की उठी मांग

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पाक अधिकृत कश्मीर को भारत में मिलाने और आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने की मांग की. संतों ने कहा कि पाकिस्तान को अब ऐसा सबक सिखाया जाए जिसे वह सदियों तक न भूले. कुछ वक्ताओं ने पाकिस्तान को कई हिस्सों में तोड़ने की भी बात कही.

श्रद्धांजलि और एकजुटता का संकल्प

प्रदर्शन के अंत में बर्बर आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी गई. उपस्थित संतों और नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखा और हिंदू समाज को समस्त मतभेद भुलाकर एकजुट रहने का संकल्प दिलाया.

इस विरोध प्रदर्शन में कौशिक चैतन्य जी महाराज, बाबा महादेव, ब्रजेन्द्र पाल सिंह, प्राची श्रीवास्तव सहित अनेक प्रमुख संतों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही.

ये भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: शुभम द्विवेदी के परिवार से मिले सीएम योगी, कहा- सरकार आतंकवादियों को नेस्तनाबूद करेगी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read