राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष के तीन युवा नेताओं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ये नेता लगातार हार का रिकॉर्ड बना रहे हैं और जाति-धर्म के नाम पर जहर उगलना ही इनका काम रह गया है.
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा, “ये आउट ऑफ फॉर्म हैं और कभी फॉर्म में नहीं आएंगे,” उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जनता ने विपक्ष के झूठ और फरेब का करारा जवाब दिया है.
बिहार से यूपी तक विजय यात्रा
डॉ. दिनेश शर्मा ने दावा किया कि बिहार से शुरू हुई भाजपा की विजय यात्रा अब बंगाल और तमिलनाडु की ओर बढ़ रही है. बंगाल में अपराध, महिलाओं पर अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर हैं. समाज को बांटने वालों के मंसूबों पर जनता ने तमाचा मारा है. उत्तर प्रदेश में भाजपा को बिहार से भी बड़ी जीत मिलेगी. राहुल गांधी को “प्रतापी पुरुष” बताते हुए शर्मा ने कहा कि जिसके साथ जाते हैं, वह राजनीतिक रूप से भस्म हो जाता है. बिहार में NDA ने पीएम मोदी के नेतृत्व में जीत का दोहरा शतक लगाया, जबकि कांग्रेस हार के शतक से मात्र पांच कदम दूर है.
आदिवासी समाज को मिला सम्मान
कांग्रेस शासन में आदिवासी समाज दोयम दर्जे का जीवन जीने को मजबूर था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मान-सम्मान और हक दिलाया. आज आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हैं. भाजपा वंचित वर्गों के संरक्षण में जुटी है. विपक्ष को इन क्रांतिकारी कार्यों को देखने के लिए बड़ा चश्मा लगाना पड़ेगा.
बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पूरे देश में मनाई जा रही है. उन्होंने आदिवासी शोषण और कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया तथा सनातन संस्कृति बचाने के लिए अंग्रेजों से लोहा लिया. पीएम मोदी ने उनके सम्मान में अनेक योजनाएं चलाईं. राष्ट्रपति मुर्मू का जीवन संघर्षपूर्ण रहा; नक्सलवाद ने उनके पति और बेटे को छीन लिया. 2014 से मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करते हुए “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” का मंत्र दिया.
वनवासी कल्याण आश्रम की भूमिका
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम में आदिवासी बच्चों के लिए रहने और शिक्षा की व्यवस्था है. कई बच्चे राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं. ये बच्चे भविष्य के कर्णधार बनेंगे. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यह संस्था भारतीय संस्कृति संरक्षण का प्रयास कर रही है.
PDA बनाम पिछड़ा-दलित उत्थान
एक यूपी नेता केवल PDA की बात करते हैं, जबकि पीएम मोदी पिछड़े-दलितों के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं. बिहार में मिली बंपर जीत इन्हीं नीतियों का परिणाम है. चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष रहा; विपक्ष प्रक्रिया पर उंगली नहीं उठा सका. अब अनर्गल आरोप लग सकते हैं. विपक्ष ने कोरोना वैक्सीन, CAA, धारा 370, वक्फ कानून पर भ्रम फैलाया. ये अफवाहों के सरगना हैं जो लाल किताब लेकर घूमते हैं. SIR के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं. उम्मीद है कि करारी हार से विपक्ष सकारात्मक राजनीति करेगा.
विकसित भारत का सपना
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की राह पर है. 2047 तक विकसित भारत और विकसित यूपी का सपना साकार होगा.
सम्मानित हुए धनुर्विद्या खिलाड़ी
कार्यक्रम में राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. इनमें इंद्रदेव (सोनभद्र), अनिल कुमार (सोनभद्र), मंदीश कुमार (झारखंड), हीरा सिंह (छत्तीसगढ़), दीपक कुमार (छत्तीसगढ़), आनंद देव (मेघालय), निशान (त्रिपुरा), नौजरिंग जूगडू (नागालैंड), बोलाहम हाशम (नागालैंड), लिखकी नाइन (नागालैंड) और नमूनसक (नागालैंड) शामिल हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

