कांग्रेस सांसद राकेश राठौर
रेप के मामले में जेल में बंद कांग्रेस के सांसद राकेश राठौर पर पीड़िता के पति ने पत्र लिखकर आरोप लगाया है की जेल में बंद कांग्रेस सांसद दबंग व प्रभावशाली व्यक्ति है सांसद के द्वारा लगातार प्रार्थी व उसकी पत्नी पीड़िता पर सुलह का दबाव बनाया जा रहा है और लगातार धमकियां मिल रही हैं. पीड़िता के पति ने पत्र में लिखा है कि घटना दिनांक 5 फरवरी 2025 को समय लगभग 2:30 दिन की है. विपक्षी द्वारा एक महिला रेशमा खातून को प्रार्थी के घर भेज कर उसकी पत्नी पीड़िता को जान से मारने की धमकी दिलवाई गई है और विपक्षी द्वारा यह संदेश भी भेजा गया है कि अगर सुलह नहीं की तो तुम लोगों का हाल भी उन्नाव रेप पीड़िता जैसा ही होगा. प्रार्थी का परिवार अत्यंत डरा हुआ है पत्र का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की कृपा करें.
क्या है मामला?
ज्ञात हो कि यूपी के सीतापुर में यौन शोषण मामले के आरोपी सांसद राकेश राठौर को पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. न्यायालय ने सांसद राकेश राठौर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. बताते चले कि इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद सांसद राकेश राठौर पहली बार अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर रहे थे, इसी दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. कांग्रेस सांसद राकेश राठौर पर एक महिला नेता ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया था और पुलिस को इलेक्ट्रानिक साक्ष्य दिया था. पुलिस ने महिला की तहरीर पर 17 जनवरी को मुकदमा दर्ज किया था जिसके बाद से सांसद राकेश राठौर फरार चल रहे थे. इस मामले में उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया. जमानत याचिका खारिज होने के बाद सांसद ने आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया और मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने के लिए प्रेसवार्ता का आयोजन किया. पुलिस के अनुसार, सांसद राठौर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह मामला काफी चर्चित रहा है और स्थानीय स्तर पर इसे लेकर काफी गहमागहमी रही है.
रिपोर्ट जितेन्द्र सैनी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


