Bharat Express DD Free Dish

डॉ. राजेश्वर सिंह के साथ अभिनेता संजय दत्त का लखनऊ में भव्य रोड शो, कहा- जल्द आएगी धुरंधर-2 मूवी; आज ‘नेट जीरो’ अभियान लॉन्च

डॉ. विधायक राजेश्वर सिंह की पहल से शुरू हुआ ‘नेट जीरो सरोजनीनगर 2040’ अभियान पर्यावरण संरक्षण, जन जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए है. आज संजय दत्त की मौजूदगी से युवाओं में काफी उत्साह आया.

Sarojini Nagar Rajeshwar Singh
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

बॉलीवुड स्टार संजय दत्त आज उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में थे. वे सरोजनी नगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के निमंत्रण पर यहां आए. दोनों ने ‘नेट जीरो सरोजनीनगर’ अभियान का शुभारंभ किया. उन्‍होंने एक खुली जीप में रोड शो भी किया. इस दौरान बड़ी संख्‍या में आमजन मौजूद रहे.

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि ‘नेट जीरो सरोजनीनगर’ कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, पानी बचाने और हरा-भरा शहर बनाने के लिए है. कार्यक्रम में वोटर जागरूकता पर भी जोर दिया गया. बहुत-से लोग कह रहे हैं कि ऐसा कार्यक्रम पहले कभी नहीं हुआ. संजय दत्त की वजह से लखनऊ का यह दिन और खास बन गया.

स्‍वागत में बरसीं गुलाब की पंखुड़ियां

डॉ. राजेश्वर सिंह के आमंत्रण पर संजय दत्त जब लखनऊ पहुंचे और खुली जीप में सवार हुए तो रास्ते भर फैंस उमड़ पड़े. लोग सड़क किनारे, छतों पर खड़े होकर फूलों की बारिश करने लगे. उन पर गुलाब की पंखुड़ियां बरस रही थीं. कुछ फैंस बेकाबू हो गए. पुलिस को भीड़ संभालने में काफी मेहनत करनी पड़ी. संजय दत्त ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया. वे भी फैंस पर फूल बरसाते दिखे. पूरा माहौल उत्साह से भर गया.

वैदिक स्वागत और मंच पर संबोधन

रोड शो के बाद 21 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार से संजय दत्त का स्वागत किया. उद्घोषक ने कहा कि संजू बाबा महादेव के भक्त हैं. सबने ‘हर-हर महादेव’ का जयकारा लगाया. मंच पर संजय दत्त काला चश्मा लगाकर पहुंचे. उन्होंने मुंबइया स्टाइल में कहा- “ओए मामू बात सुन. जितने यहां खड़े हैं सब सुनो. जीवन में दो काम जरूर करो. एक पौधा लगाओ. दूसरा पानी बचाओ. अगर ये नहीं किया तो खुद की वॉट लगाओगे.” युवाओं से बोले- “मन लगाकर पढ़ाई करो. माता-पिता की बात मानो. नशे से दूर रहो.”

राजेश्वर सिंह ने की दत्‍त साहब की प्रशंसा

विधायक राजेश्वर सिंह ने संजय दत्त को ‘भैया’ कहकर संबोधित किया. उन्होंने कहा- “भैया की फिल्म धुरंधर-2 जल्द आने वाली है.” संजय दत्त ने जवाब दिया- “धुरंधर आपने हिट की. मुझे संजय दत्त आप लोगों ने बनाया. आज जो हूं वह आपकी बदौलत हूं.”

इस कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों को ‘पर्यावरण वीर’ सम्मान दिया गया. युवाओं को मतदाता बनने और वोट डालने के लिए प्रेरित किया गया.

गाड़ी ड्राइव करने का मजेदार किस्सा

कार्यक्रम खत्म होने के बाद संजय दत्त मंच से उतरे. राजेश्वर सिंह खुद ड्राइविंग सीट पर बैठ गए और स्टीयरिंग थाम ली. पहले संजय दत्त बीच में बैठे थे. लेकिन विधायक को ड्राइव करते देख वे आगे की सीट पर आ गए. फैंस फिर बेकाबू हो गए. काफिला भीड़ के बीच रवाना हुआ.

इससे पहले 21 फरवरी को संजय दत्त ने इंस्टाग्राम पर राजेश्वर सिंह के साथ फोटो शेयर की. कैप्शन में लिखा- “सरोजनीनगर में राजेश्वर भैया के साथ विशेष पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम के लिए अपने पसंदीदा शहर लखनऊ में आकर बहुत खुशी होगी. लखनऊ के लोगों ने हमेशा अपार प्रेम दिया है. कल मिलने का इंतजार है.”

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में नेट जीरो सरोजिनी नगर अभियान का आयोजन, संजय दत्त बने इस मुहिम का चेहरा



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read