Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपनी ही विधायक पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया. यह कदम तब उठाया गया, जब पूजा पाल ने विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी. उन्हें सीएम योगी की तारीफ करना आज महंगा पड़ गया.
सपा अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि पूजा पाल के कार्यों से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है, जो गंभीर अनुशासनहीनता है. उनके निष्कासन की कार्रवाई पूजा पाल द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और बार-बार चेतावनी के बावजूद नहीं सुधरने के कारण की गई है.
पूजा पाल ने की थी CM योगी की तारीफ
पूजा पाल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चली मैराथन चर्चा के दौरान सीएम योगी को धन्यवाद दिया था. उन्होंने कहा, “मैंने अपना पति खोया है, सब जानते हैं कि मेरे पति की हत्या कैसे हुई और किसने की. मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने मुझे न्याय दिलाया और मेरी बात तब सुनी जब किसी ने नहीं सुनी. मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया और अपराधियों को दंड दिया.”
पूजा पाल ने योगी की जीरो टॉलरेंस नीति का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने अतीक अहमद जैसे अपराधियों को मिट्टी में मिलाया है. उन्होंने आगे कहा, “पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर विश्वास से देखता है. मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया.”
सपाइयों को बुरा लगा पूजा का बयान
पूजा पाल का उपरोक्त बयान समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और उनके समर्थकों को बुरा लग गया. आज सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश पत्र में स्पष्ट कहा गया कि पूजा पाल को सपा के सभी पदों से हटाया जा रहा है. वे अब पार्टी के किसी कार्यक्रम या मीटिंग में हिस्सा नहीं लेंगी और न ही आमंत्रित की जाएंगी.
सपा नेताओं के मुताबिक, यह निष्कासन पूजा पाल की बार-बार की गई पार्टी विरोधी गतिविधियों का परिणाम है. सपा ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए सख्त कदम उठाया. पूजा पाल ने विधानसभा में सीएम योगी की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा था कि जब वे थकने लगीं, तब सीएम योगी ने उन्हें न्याय दिलाया.
यह भी पढ़िए: सीएम योगी का पीडीए पर तंज, कहा- परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी ने विपक्ष को बनाया कुएं का मेंढक
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



