UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की आहट तेज होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल किया है. शुक्रवार देर रात यानी आधी रात को जारी हुई तबादला सूची ने पूरे सूबे की ब्यूरोक्रेसी में हलचल मचा दी है. इस बड़े फैसले के तहत 5 जिलों के जिलाधिकारी (DM) और 5 मुख्य विकास अधिकारी (CDO) समेत कुल 38 आईएएस (IAS) अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया गया है.
इसके साथ ही 12 प्रशिक्षु आईपीएस (IPS) अफसरों को भी फील्ड में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए जिलों में नई तैनाती दी गई है.
चुनाव आयोग के नियमों के तहत तबादला(UP IAS Transfer)
यूपी सरकार की इस आधी रात की कार्रवाई को सीधे तौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. शासन स्तर से यह अहम कदम भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के उन सख्त दिशा-निर्देशों के तहत उठाया गया है, जिनमें एक ही पद या जिले में तीन साल से अधिक समय से जमे अधिकारियों को हटाने का नियम है. सरकार ने चुनाव से पहले प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करने और पारदर्शी व्यवस्था बनाने के मकसद से तकरीबन तीन दर्जन से अधिक जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया है.
इन 5 जिलों को मिले नए डीएम
इस महाफेरबदल में प्रदेश के पांच बेहद महत्वपूर्ण जिलों के जिलाधिकारियों की कुर्सी बदल दी गई है. नई सूची के मुताबिक, प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि जोगिंदर सिंह को बिजनौर के डीएम पद की कमान सौंपी गई है. इसी तरह शिवशरणप्पा जी.एन. को महाराजगंज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा पश्चिमी यूपी के संवेदनशील जिले मुजफ्फरनगर में सुनील कुमार सिंह को नया डीएम बनाकर भेजा गया है और गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर जिले की कमान दी गई है.
IAS अफसरों के विभागों में भी उलटफेर
पांच जिलाधिकारियों के अलावा प्रदेश के पांच जिलों में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) भी बदल दिए गए हैं, जिससे ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं की रफ्तार को और तेज किया जा सके. कुल 38 आईएएस अधिकारियों की इस जंबो लिस्ट में कई प्रमुख सचिव स्तर से लेकर विशेष सचिव और अन्य प्रशासनिक पदों पर तैनात अफसरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है. इस फैसले से शासन से लेकर जिला मुख्यालयों तक के अधिकारियों में देर रात तक फोन घनघनाते रहे.
यह भी पढ़िए: किसान के खेत में मिला पाकिस्तानी ‘PIA’ लिखा बैलून: किसलिए इधर भेजा गया? पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर गहन जांच की शुरू
12 ट्रेनी IPS अफसरों को मिली फील्ड पोस्टिंग
प्रशासनिक सर्जरी के साथ ही योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस महकमे में भी बड़ा कदम उठाया है. गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत 12 प्रशिक्षु आईपीएस (IPS) अधिकारियों को ट्रेनिंग के बाद अब सीधा फील्ड में उतार दिया गया है.
इन सभी युवा आईपीएस अफसरों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई तैनाती और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि आगामी चुनावों और त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

