Bharat Express DD Free Dish

अपराधी जिस भाषा में समझेगा, पुलिस उसी भाषा में..! UP के फुलटाइम DGP बनते ही राजीव कृष्ण का पहला अल्टीमेटम क्या?

उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी राजीव कृष्ण ने पदभार संभालते ही अपराधियों और साइबर ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है. उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति पहले की तरह जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को और ज्यादा चाक-चौबंद करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में आखिरकार सूबे को नया पूर्णकालिक डीजीपी (DGP) मिल गया है. आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण ने उत्तर प्रदेश पुलिस के मुखिया का पद (UP DGP Rajeev Krishna) संभालते ही राज्य के अपराधियों, माफियाओं और साइबर ठगों को एक ऐसा खुला और सीधा अल्टीमेटम दे दिया है, जिससे अपराध जगत में थर-थर कांपने का माहौल बन गया है.

कमान संभालते ही डीजीपी राजीव कृष्ण ने साफ लफ्जों में कह दिया है कि यूपी पुलिस अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और जो जिस भाषा में बात करेगा, उसे उसी भाषा में करारा जवाब दिया जाएगा.

CM योगी के मार्गदर्शन में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी(UP DGP Rajeev Krishna)

पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त होने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए राजीव कृष्ण ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यमंत्री और शासन की प्राथमिकताओं के तहत लगातार ग्राउंड पर काम कर रही है. नए डीजीपी ने अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति यूपी पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ (शून्य सहनशीलता) की नीति आगे भी पूरी कड़ाई से लागू रहेगी. राज्य में महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को अभेद्य बनाया जाएगा, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की हिम्मत न कर सके.

‘कानून के दायरे में रहकर ठोकेंगे’

बयान का सबसे बड़ा और तीखा एंगल पुलिसिया कार्रवाई के तेवर को लेकर था. डीजीपी राजीव कृष्ण ने हुंकार भरते हुए कहा कि अपराधी जिस भाषा में बात करता है, उत्तर प्रदेश पुलिस उसी भाषा में जवाब देती है और उसे लेकर पुलिस के हौसले भी पूरी तरह बुलंद हैं.

उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि मुख्य बात यह है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर होगी, लेकिन अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. साइबर अपराधियों और डिजिटल ठगों के खिलाफ भी अब एक विशेष और कठोर अभियान चलाकर उनकी कमर तोड़ी जाएगी.

ये भी पढ़ें: कैलाश यात्रा के बीच फिर गरमाया भारत-नेपाल का लिपुलेख विवाद, 210 साल से उलझे मुद्दे को ब्रिटेन लेकर पहुंचे बालेन शाह

डीजीपी ने आगे के मास्टरप्लान बताए

राजीव कृष्ण ने अपनी प्राथमिकताओं में सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं बल्कि आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को भी शामिल किया है. उन्होंने कहा कि यूपी में होने वाले तमाम बड़े मेले, पर्व और त्योहारों को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना पुलिस की जिम्मेदारी है.

इसके साथ ही, सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं और अनावश्यक जनहानि को रोकने के लिए प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जाएगी. नए डीजीपी के इस आक्रामक और स्पष्ट रुख से साफ है कि आने वाले दिनों में यूपी पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा और ज्यादा कसने वाला है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read