UP News: गोंडा जिले में रविवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया. श्रद्धालुओं (Devotees) से भरी एक बोलेरो नहर में गिर गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया.
कहां हुई घटना ?
यह घटना इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता गांव के पास सुबह के समय हुई. मोतीगंज क्षेत्र के सिहागांव से 15 श्रद्धालु प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर (Prithvinath Temple) जल चढ़ाने जा रहे थे. बताया गया कि वाहन जैसे ही बेलवा बहुता पहुंचा, चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो नहर में जा समाई.
शव को निकाला गया बाहर
वाहन में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे. हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को खबर दी. थोड़ी ही देर में रेस्क्यू टीम (Rescue Team) मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कर दिया. करीब दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद 11 शवों को बाहर निकाला गया. जबकि 4 लोगों को गंभीर हालत में बचाया गया. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. वहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने क्या बताया ?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी काफी तेज थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना हुई है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
मुख्यमंत्री योगी ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और निर्देश दिए कि घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज मिलना चाहिए. सीएम ने हादसे की पूरी रिपोर्ट भी मांगी है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





