Bharat Express DD Free Dish

कानपुर के मूलगंज बाज़ार में स्कूटर में विस्फोट क्यों हुआ? कमिश्नर ने बताई वजह?

कानपुर के मूलगंज बाजार में खड़ी स्कूटी में धमाका हुआ, जिसमें 8 लोग घायल हो गए. पुलिस का कहना है कि स्कूटी में अवैध पटाखे रखे थे। जांच जारी है.

Kanpur Blast

UP News: कानपुर के घनी आबादी वाले मूलगंज इलाके में बुधवार शाम एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया. यह धमाका मिश्री बाजार क्षेत्र में खड़ी दो स्कूटियों में हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल उठा. दिवाली के मौके पर पटाखों के बड़े बाजार के बीच हुए इस हादसे से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

क्या है पूरा मामला?

घटना शाम करीब 7:15 बजे की है. धमाके के बाद डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. दो स्कूटियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गईं. पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी.

ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?

कानपुर के ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार ने बताया कि धमाका स्कूटी की डिग्गी में रखा अवैध पटाखों के कारण हुआ. शुरुआती जांच में आतंकी हमले की आशंका नहीं लग रही है लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. उन्होंने इसे लो इंटेंसिटी ब्लास्ट बताया, जिसकी वजह सुतली बम या कोई अन्य पटाखा हो सकता है.

हादसे में 8 लोग घायल

इस हादसे में कुल 8 लोग घायल हुए हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है. छह लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. सभी घायल खतरे से बाहर हैं.

घटना स्थल से सैंपल इकट्ठा

फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल इकट्ठा कर लिए हैं और स्कूटी को ट्रेस कर लिया गया है. पुलिस अब स्कूटी मालिकों से पूछताछ करेगी. कमिश्नर ने कहा कि यह हादसा है या किसी साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा.

ये भी पढ़ें-बिहार चुनाव से पहले जेडीयू को झटका, गोपाल मंडल ने थामा आरजेडी का दामन

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दिवाली के चलते बाजार में भीड़ थी जिससे लोगों में डर फैल गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read