UP Sugar Price: उत्तर प्रदेश में चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने आम नागरिकों को राहत दी है. विभाग ने घोषणा की है कि लोग अब मात्र 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी खरीद सकते हैं. यह सुविधा लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम और सहकारी चीनी मिल संघ के बिक्री केंद्र पर उपलब्ध है. यहां 1 किलो का पैकेट 52 रुपये और 2 किलो का पैकेट 102 रुपये में मिलेगा. वहीं 5 किलो का पैकेट 250 रुपये और 50 किलो का पैकेट 2500 रुपये में मिलेगा.
बिक्री का समय और व्यवस्था
विभाग ने बताया कि यह विशेष बिक्री हर कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केंद्र पर सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. लोग अपनी दैनिक जरूरत के अनुसार चीनी खरीद सकते हैं.
देशभर में कीमतों में गिरावट
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, हाल ही में चीनी की औसत खुदरा कीमत एक हफ्ते में 3.85% घटकर 62.57 रुपये प्रति किलो हो गई है. पहले यह 65.08 रुपये प्रति किलो थी. हालांकि कीमतें अभी भी पिछले महीने के स्तर से लगभग 27% ज्यादा हैं. थोक बाजार में भी दाम घटे हैं और 2 सितंबर को चीनी की औसत थोक कीमत 57.62 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई.
खुदरा बाजार में असर देर से
विशेषज्ञों का कहना है कि थोक कीमतों में गिरावट का असर खुदरा बाजार तक पहुंचने में समय लगता है. खुदरा विक्रेता पहले खरीदे गए महंगे स्टॉक को खत्म करने के बाद ही नई दरों पर बेचते हैं. आमतौर पर दुकानदारों के पास 10-15 बैग होते हैं, जिनमें से हर बैग 50 किलो का होता है. नए स्टॉक आने पर ही खुदरा कीमतों में बदलाव दिखता है.
ये भी पढ़ें-गणेशोत्सव में DJ और लाउडस्पीकर पर घमासान, मुंबई से पुणे तक सियासत तेज
सरकार के कदम
चीनी की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं. इनमें 10 लाख टन चीनी आयात की अनुमति देना और थोक खरीदारों व डीलरों के लिए स्टॉक रखने के नियमों को सख्त करना शामिल है. सरकार ने मिलों को कीमतें बढ़ाने के लिए जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि देश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. हालांकि 2025-26 मार्केटिंग ईयर के लिए उत्पादन का अनुमान घटकर 306 लाख टन रह गया है, जबकि घरेलू मांग 280-285 लाख टन के बीच है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


