Bharat Express DD Free Dish

यूपी में कटे 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम…! क्या SIR का दांव बीजेपी पर पड़ जाएगा उल्टा?

उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के दावों ने BJP की चिंता बढ़ा दी है.

उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम कटने के मुद्दे ने सूबे की सियासत में हलचल तेज कर दी है. मीडिया रिपोर्ट्स और पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश की वोटर लिस्ट से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने के दावों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है. आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिहाज से इस स्थिति को एक बड़ी चुनावी चुनौती मानते हुए बीजेपी ने अब डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का यह गणित पार्टी के लिए कहीं उल्टा न पड़ जाए.

इसी रणनीति के तहत पार्टी ने 20 नवंबर से प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर हर विधानसभा सीट पर 10 हजार से 25 हजार तक पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने का लक्ष्य रखा है.

लखनऊ की हाई-लेवल बैठक में तय हुआ डैमेज कंट्रोल का रोडमैप

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को लखनऊ में हुई एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में इस मुद्दे पर गहन मंथन किया गया. इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत तमाम जिला अध्यक्ष और प्रभारी मौजूद रहे. रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए अगले एक महीने को मतदाता सूची दुरुस्त कराने के लिए ‘अंतिम मौका’ बताया है. पार्टी नेतृत्व ने सभी अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को फिलहाल पीछे रखते हुए पूरा फोकस बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट को अपडेट कराने पर केंद्रित करने का निर्देश दिया है.

हर सीट पर औसतन 31 हजार नाम हटने का आकलन

बीजेपी के आंतरिक आकलन के मुताबिक, प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों में से प्रत्येक क्षेत्र में औसतन 31 हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं. सियासी जानकारों का मानना है कि यदि इतनी बड़ी संख्या में कोर वोटरों के नाम सूची से बाहर रहते हैं, तो चुनाव में इसका सीधा असर हार-जीत के अंतर पर पड़ सकता है.

इसी जोखिम को टालने के लिए पार्टी ने जिला स्तर के नेताओं को हर विधानसभा सीट पर 10 से 25 हजार पात्र मतदाताओं के नाम वापस जुड़वाने का टारगेट दिया है. पार्टी का मानना है कि यदि पूरे प्रदेश में 40 से 80 लाख तक नाम भी दोबारा जुड़ जाते हैं, तो यह चुनावी समीकरणों को संतुलित करने के लिए पर्याप्त होगा.

20 नवंबर से घर-घर दस्तक देंगे कार्यकर्ता

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाना है. इसके ठीक तीन दिन बाद यानी 20 नवंबर से बीजेपी का यह विशेष मतदाता जोड़ो अभियान जमीन पर उतरेगा. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं से सीधे संपर्क करें, ड्राफ्ट लिस्ट में उनके नामों की जांच करें और नाम न होने की स्थिति में जरूरी फॉर्म भरवाने में उनकी पूरी मदद करें.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read