Bharat Express DD Free Dish

UP विधानसभा में हुआ कुछ ऐसा कि उठाने पड़े सख्त कदम… अब गुटखा-पान मसाला खाने पर लगेगा जुर्माना

उत्तर प्रदेश विधानसभा में पान मसाला थूकने की घटना सामने आई, जिससे अध्यक्ष ने नाराजगी जताई. इसके बाद विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाला पर प्रतिबंध लगा दिया गया.

Gutkha Ban

UP विधानसभा में गुटखा पर प्रतिबंध

उत्तर प्रदेश विधानसभा के सत्र के दौरान मंगलवार को एक अजीब घटना सामने आई, जब किसी विधायक ने विधानसभा के मुख्य दरवाजे पर पान मसाला खाकर थूक दिया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने इसे गलत बताया और विधानसभा परिसर की गरिमा बनाए रखने की अपील की.

विधानसभा अध्यक्ष ने खुद करवाई सफाई

इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सदन की गरिमा सभी को बनाए रखनी चाहिए. उन्होंने खुद उस जगह की सफाई करवाई, जहां पान मसाला थूका गया था. विधानसभा कार्यवाही के दौरान उन्होंने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा, “मैं किसी सदस्य का व्यक्तिगत रूप से नाम नहीं लूंगा, लेकिन मैंने सीसीटीवी में उन्हें देखा है. वे खुद आकर मुझसे मिल लें.”

उन्होंने अन्य विधायकों से भी अपील की कि वे ऐसे मामलों को गंभीरता से लें और यदि कोई सदस्य इस तरह की हरकत करता है तो उसे रोकें.

विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाला प्रतिबंधित

इस घटना के बाद यूपी विधानसभा अध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाला के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया. साथ ही, यदि कोई सदस्य या कर्मचारी गुटखा खाते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

‘वंदे मातरम’ के सम्मान को लेकर भी सख्त हुए स्पीकर

सत्र के दौरान विधानसभा में ‘वंदे मातरम’ के समय खड़े न होने के मुद्दे पर भी अध्यक्ष सतीश महाना ने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि भारत का संविधान सभी नागरिकों को देश के प्रति सम्मान और कर्तव्य का पाठ पढ़ाता है. उन्होंने विधायकों को संविधान के नाम पर ली गई शपथ की याद दिलाई और कहा कि वंदे मातरम का सम्मान न करना संविधान का सम्मान न करने के बराबर है.

उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में दोनों लॉबी के विजुअल्स उनके पास हैं और उन्होंने सभी विधायकों से अनुरोध किया कि भविष्य में ऐसा व्यवहार न करें.

सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा, “यह सदन सभी का है, इसकी स्वच्छता और सम्मान बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है.”

इस घटना के बाद यूपी विधानसभा में अनुशासन को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं.


इसे भी पढ़ें- “यूपी भेजिए…हम इलाज कर देंगे”, अबू आजमी पर CM Yogi का करारा हमला, बोले- ऐसे व्यक्ति को देश में रहने का हक नहीं


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest