लखनऊ, 28 मईः खरीफ अभियान को लेकर भारत सरकार विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 चलाएगी. इसके तहत 29 मई से लेकर 12 जून तक 15 दिवसीय कार्यक्रम होगा. इस दौरान 12 हजार वैज्ञानिक किसानों के खेतों तक जाएंगे.
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा साढ़े 11 बजे लोकभवन सभागार में विकसित कृषि संकल्प अभियान की लॉन्चिंग होगी. यह अभियान सभी 75 जनपदों में चलेगा. इसके लिए 225 टीमें बनाई गई हैं, जो 675 स्थानों पर जाकर तीन सत्र में किसानों से संवाद करेगी.
यह जानकारी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी. उन्होंने बुधवार शाम लोकभवन सभागार में पत्रकारों से बातचीत की. उन्होंने बताया कि 28 मई को प्रयागराज व कानपुर मंडल में खरीफ उत्पादकता गोष्ठी के साथ ही सभी 18 मंडलों में गोष्ठी हो चुकी है. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों को किसानों के हित का बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया.
हर स्थान पर तीन घंटे का कार्यक्रम होगा
कृषि मंत्री ने बताया कि हर स्थान पर तीन घंटे का कार्यक्रम होगा. इसमें कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, मधुमक्खी पालन व सिंचाई आदि के अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे. 15 दिन में यह टीम 10,125 स्थलों पर जाकर किसानों से संवाद करेगी. कृषि मंत्री ने कहा कि विगत वर्षों में भी पीएम मोदी द्वारा किए गए प्रयासों से देश व यूपी के किसान समृद्ध हुआ है. सीएम योगी के नेतृत्व में एमएसपी के आधार पर धान व गेहूं के अलावा चना, मसूर, सरसो, मूंगफली, ज्वार, बाजार व मक्के समेत विविध फसलों की खरीद की व्यवस्था की गई. किसानों की आय समृद्ध हो, इसके लिए इस बार भी ऐसी व्यवस्था करेंगे.
मेरठ व झांसी में रहेंगे केंद्रीय कृषि मंत्री, राज्य के सभी 8135 न्याय पंचायतों में होगा कार्यक्रम
शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम
कृषि मंत्री ने बताया कि दो दिन (मेरठ व झांसी) में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहेंगे. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के निमित्त सभी संबंधित मंत्रियों-प्रमुख सचिव के साथ बैठक करके तैयारी पूरी कर ली गई है. यह कार्यक्रम राज्य के सभी 8135 न्याय पंचायतों में होगा. राज्य स्तर व जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम होंगे. राज्य स्तर पर एडिशनल डायरेक्टर (एक्सटेंशन) व जनपद स्तर पर उपनिदेशक नोडल अधिकारी होंगे. विकसित भारत व विकसित कृषि का उद्देश्य खेती में देश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही प्रदेश-देश के उत्पादन व उत्पादकता को बढ़ाकर दुनिया को आपूर्ति करने में सक्षम होना है. इसका उद्देश्य गुणवत्ता अन्न पैदा कर कुपोषण की समस्या का समाधान करने और विषमुक्त खेती को बढ़ाना है. पत्रकार वार्ता में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव रवींद्र, कृषि निदेशक जितेंद्र सिंह तोमर आदि मौजूद रहे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

