Prateek Yadav Death: उत्तर प्रदेश की राजनीति के दिग्गज मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन ने सबको स्तब्ध कर दिया है. सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों के बीच अब उनकी शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसने मामले में नया मोड़ दे दिया है.
समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन की खबर ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है. बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी शुरुआती रिपोर्ट अब सार्वजनिक हो गई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकला?
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक यादव के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट, हाथापाई या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं. इस खुलासे ने उन तमाम अफवाहों पर विराम लगा दिया है जो सोशल मीडिया पर उनकी मौत की वजहों को लेकर चल रही थीं. हालांकि, मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों ने ‘विसरा’ सुरक्षित रख लिया है.
विसरा की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.
भावुक हुआ यादव परिवार
पति के निधन की खबर सुनकर अपर्णा यादव असम से आनन-फानन में लखनऊ पहुंचीं. एयरपोर्ट से सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं अपर्णा की आंखों में आंसू और चेहरा मायूसी से भरा था. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से रिपोर्ट की जानकारी ली. अखिलेश ने सोशल मीडिया पर अपने भाई के साथ पुरानी तस्वीरें साझा कर एक भावुक संदेश भी लिखा.
फिटनेस और बिजनेस के शौकीन थे प्रतीक
प्रतीक यादव ने हमेशा खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा. वह एक सफल बिजनेसमैन और फिटनेस फ्रीक के तौर पर जाने जाते थे. इंस्टाग्राम पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी. उनके निधन के बाद उनके पुराने वीडियो और पोस्ट्स, खासकर “The sky opened up” कैप्शन वाला वीडियो, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अफवाहों से बचने की अपील
परिजनों और करीबियों ने जनता से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. करीबी मित्र मुकेश बहादुर सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक विसरा रिपोर्ट नहीं आती, तब तक किसी नतीजे पर पहुंचना गलत होगा.
यह भी पढ़ें: प्रतीक यादव के साथ बेडरूम में रात 2 बजे क्या हुआ? जिम पार्टनर का वो दावा जिसने पलट डाली अस्पताल की थ्योरी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



