Azamgarh Hanuman idol vandalized: आजमगढ़/शुभम: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है. ग्राम मरगुपुर पासीपुर में नहर किनारे स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा रहस्यमय परिस्थितियों में खंडित मिली है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. हालांकि, पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया.
घटनास्थल पर मिला ‘ईंट का टुकड़ा’ (Azamgarh Hanuman temple vandalism Video)
घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के करीब 40-50 बच्चे और युवा सुबह नहर की तरफ दौड़ लगाने पहुंचे. वहां उन्होंने बजरंगबली की मूर्ति को टूटा हुआ देखा और तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और हंगामा शुरू हो गया. स्थानीय निवासी संजय कुमार तिवारी ने आशंका जताई है कि किसी शरारती तत्व ने ईंट से प्रहार कर मूर्ति को तोड़ा है, क्योंकि पुलिस को घटनास्थल से ईंट का एक टुकड़ा भी बरामद हुआ है.
प्रशासन का तत्काल एक्शन (Azamgarh Police latest action)
मामले की नजाकत को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को शांत कराया. बिना किसी देरी के, एसडीएम बूढ़नपुर की मौजूदगी में उसी स्थान पर हनुमान जी की एक नई प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराई गई. पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ नई मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न की गई, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ.
ये भी पढ़ें: बिहार में कुछ पक रहा है! जेल से निकलते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद क्यों करने लगे तेजू भैया?
अज्ञात के खिलाफ जांच शुरू (Azamgarh local News Update)
क्षेत्राधिकारी (CO) बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल, इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है और पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ दोषी की तलाश में गहराई से जुटी हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

