Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो एक बड़े कारोबारी समूह के मालिक भी हैं, उनको जल्द ही एक अनोखा उपहार मिलने वाला है, जिसे ‘उड़ता शाही महल’ यानी फ्लाइंग पैलेस कहा जा रहा है. इस बोइंग 747-8 विमान में राजा-महाराजाओं जैसे शाही कमरे, सोने-चांदी से सजे सामान और विलासिता की हर सुख-सुविधा मौजूद है. कतर के शाही अल थानी परिवार ट्रंप को उनकी दोहा यात्रा के दौरान यह फ्लाइंग पैलेस उपहार में दे सकता है. इसकी कीमत 41 करोड़ डॉलर, यानी करीब 3500 करोड़ रुपये है. इसे अमेरिकी राष्ट्रपति के एयरफोर्स वन की तरह इस्तेमाल करने की योजना है.
कतर और अमेरिकी सरकार के बीच इस लग्जरी जंबो जेट के हस्तांतरण को लेकर बातचीत चल रही है. ट्रंप (Donald Trump)की मध्यपूर्व यात्रा, जिसमें कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात समेत चार देश शामिल हैं. ट्रंप इस विमान को जनवरी 2029 तक इस्तेमाल कर सकते हैं. वर्तमान में अमेरिकी राष्ट्रपति के दो एयरफोर्स वन विमान 30 साल पुराने हो चुके हैं. इनके स्थान पर बोइंग को दो नए विमान बनाने का ऑर्डर दिया गया है, लेकिन ये 2027-28 तक तैयार नहीं होंगे.
प की यात्रा के दौरान दे सकता है उपहार
खबरों में कहा गया कि, अल थानी परिवार इस विमान को ट्रंप की यात्रा के दौरान उपहार में दे सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. कतर सरकार ने कहा कि विमान के हस्तांतरण पर बातचीत चल रही है और इसके कानूनी पहलुओं पर काम हो रहा है. अमेरिकी सरकार यह जांच रही है कि क्या राष्ट्रपति किसी विदेशी सरकार से इतना महंगा उपहार ले सकते हैं. अमेरिकी संविधान सरकारी अधिकारियों को संसद की मंजूरी के बिना विदेशी उपहार स्वीकार करने से रोकता है, लेकिन चूंकि यह विमान अस्थायी रूप से इस्तेमाल होगा, इसलिए यह उल्लंघन नहीं माना जाएगा.
एयरफोर्स वन को दुनिया का सबसे सुरक्षित विमान माना जाता है. इसमें हवा में ईंधन भरने, हमलों से निपटने की व्यवस्था, हाईटेक संचार उपकरण, रेडिएशन और मिसाइल हमले से बचाव की क्षमता शामिल है. ट्रंप चाहते हैं कि रिटायरमेंट तक वे इस कतरी विमान को एयरफोर्स वन की तरह इस्तेमाल करें. अमेरिकी वायुसेना इसमें अत्याधुनिक संचार और गोपनीय उपकरण जोड़ेगी, लेकिन यह मौजूदा एयरफोर्स वन जितना उन्नत नहीं होगा.
ट्रंप महंगे उपहारों को लेकर विवादों में रहे
ट्रंप (Donald Trump) अपने पहले कार्यकाल में भी महंगे उपहारों को लेकर विवादों में रहे हैं. उनके परिवार का कारोबारी समूह, ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन, उनके बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और एरिक ट्रंप संभालते हैं. मध्यपूर्व में उनका कारोबार फैला हुआ है, और कतर में वे एक लग्जरी गोल्फ रिसॉर्ट भी बना रहे हैं. ऐसे में यह उपहार नया विवाद खड़ा कर सकता है.
कतर का अल थानी परिवार दुनिया के तीसरे सबसे अमीर परिवारों में शुमार है, जिसकी संपत्ति 350 अरब डॉलर से अधिक है. तेल और गैस क्षेत्र में उनका भारी निवेश है. ब्रिटेन में उनकी 260 एकड़ की संपत्ति है, जिसमें दो शाही होटल भी हैं, जिसे ‘मिनी कतर’ कहा जाता है. कतर ने 2018 में तुर्की को भी ऐसा शाही विमान उपहार में दिया था.
605 यात्री ही सामान्य विमान में बैठ सकते हैं
इस बोइंग 747-8 विमान में प्राइवेट बेडरूम स्यूट, लाउंज, बोर्डरूम, मार्बल बाथरूम, शाही सीढ़ियां, एलिवेटर, पांच गैलरी, मास्टर बेडरूम, मिनी हाईटेक हॉस्पिटल और मनोरंजन की शाही सुविधाएं हैं. इसमें 89 यात्री सफर कर सकते हैं, जबकि सामान्य विमान में 605 यात्री बैठ सकते हैं. इसमें जीई का शक्तिशाली इंजन, 191 टन ईंधन क्षमता और 19,400 किलोमीटर तक बिना रुके उड़ान भरने की क्षमता है. साथ ही, LAIRCM मिसाइल डिफेंस सिस्टम भी है.
वर्तमान में इस विमान की कीमत 418.4 मिलियन डॉलर (लगभग 3476 करोड़ रुपये) है, लेकिन शाही इंटीरियर और सैन्य तकनीकों के साथ इसकी कीमत और बढ़ जाती है. यह दुनिया का सबसे महंगा विमान है, जो कतर के शाही परिवार के बाद अब शायद अमेरिकी राष्ट्रपति की शान बढ़ाएगा.
ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने की संघर्ष विराम के लिए भारत-पाक की सराहना, कहा- साथ मिलकर कश्मीर मुद्दे का निकालेंगे हल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



