Ajab Gajab News: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को टेक्नोलॉजी और इनोवेशन का हब माना जाता है, लेकिन अब एक और अनोखे ट्रेंड का चर्चा आ गया है. यहां पर रहने वाली टेलर हम्फ्री ने ऐसा बिजनेस खड़ा किया है, जिसने लोगों को हैरत में डाल दिया है. टेलर का काम सबसे अनोखा है. आमतौर पर माता-पिता अपने बच्चे का नाम खुद सोचते हैं, लेकिन टेलर इस काम के लिए मोटी फीस चार्ज करती हैं और उनके क्लाइंट आमतौर पर बेहद अमीर परिवारों और हॉलीवुड के सेलिब्रिटीज होते हैं.
100 डॉलर से शुरू हुआ सफर
टेलर ने साल 2018 में अपने इस अनोखे करियर की शुरुआत की थी. उस समय वह महज 100 डॉलर लेकर बच्चों के नाम सुझाया करती थीं. किस्मत ने करवट ली जब उन्हें एक डिनर पार्टी में वेंचर कैपिटलिस्ट्स मिले. उन्होंने टेलर को समझाया कि उनकी सेवा प्रीमियम है और उन्हें अपने चार्जेस बढ़ाने चाहिए. कुछ ही समय बाद न्यूयॉर्कर मैगजीन में उन पर छपी एक स्टोरी ने टेलर को सुर्खियों में ला दिया. देखते-देखते उनके पास क्लाइंट्स की बाढ़ आ गई और नाम सुझाने का यह ‘छोटा-सा काम’ एक बड़े बिजनेस में बदल गया.
200 डॉलर से लेकर 30 हजार डॉलर तक के पैकेज
आज टेलर हम्फ्री का नाम रखने का बिजनेस हाई-एंड पैकेज डील्स में बदल चुका है. उनके पास 200 डॉलर से शुरू होकर 30 हजार डॉलर तक के पैकेज मौजूद हैं. छोटे पैकेज में ईमेल के जरिए कुछ नामों के सुझाव भेजे जाते हैं, जबकि महंगे पैकेज में पूरा रिसर्च वर्क शामिल होता है. इनमें परिवार की वंशावली की पड़ताल, नाम से जुड़ा ब्रांडिंग कैंपेन तैयार करना और यहां तक कि माता-पिता के बीच नाम को लेकर होने वाली खींचतान को सुलझाना भी शामिल है. अब तक टेलर 500 से ज्यादा बच्चों का नामकरण कर चुकी हैं. सोशल मीडिया पर उनके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और उन्हें एक तरह से ‘नेमिंग कंसल्टेंट’ के रूप में जाना जाने लगा है.
बदलती सोच और नया ट्रेंड
टेलर की सफलता इस बात का संकेत है कि सैन फ्रांसिस्को जैसे शहरों में लोग अब अपनी जिंदगी के सबसे निजी फैसलों तक को भी प्रीमियम सेवाओं के जरिए आउटसोर्स करने लगे हैं. बच्चे का नामकरण, जो कभी परिवार और परंपराओं के बीच मिलजुलकर किया जाने वाला अहम फैसला माना जाता था, अब अमीर माता-पिता के लिए एक स्टाइलिश और एक्सक्लूसिव सर्विस बन गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

