Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हो सकती है अमेरिका-ईरान बैठक, तीम मुस्लिम देशों ने संभाली मध्यस्था की जिम्मेदारी

US Israel Iran conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्लामाबाद में दोनों देशों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हो सकती है.

US Israel Iran conflict: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब कूटनीतिक हल की कोशिशें तेज हो गई हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस हफ्ते पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दोनों देशों के वरिष्ठ नेताओं के बीच सीधी बातचीत हो सकती है.

पाकिस्तान की भूमिका

सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र पर्दे के पीछे रहकर अमेरिका और ईरान को बातचीत की टेबल पर लाने की कोशिश कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि अमेरिका की ओर से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस बैठक में शामिल हो सकते हैं.

नेताओं की बातचीत

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से फोन पर बात कर क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयासों में सहयोग की पेशकश की है. पिछले एक महीने में दोनों नेताओं के बीच कई बार बातचीत हो चुकी है.

सेना प्रमुख की पहल

पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भी ईरानी राष्ट्रपति से चर्चा की है. फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी बात की है. वहीं तुर्की, मिस्र और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से अलग-अलग स्तर पर बातचीत की है.

इजरायली मीडिया का दावा

इजरायली मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ से भी चर्चा की है. ग़ालिबफ़ को युद्ध के दौरान एक अहम निर्णयकर्ता माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें-कोलंबिया में बड़ा सैन्य विमान हादसा: 110 सैनिकों को ले जा रहा C-130 हरक्यूलिस क्रैश

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ बातचीत में प्रगति हो रही है और कई मुद्दों पर सहमति बन चुकी है. उन्होंने कहा कि कूटनीति को मौका देने के लिए पांच दिनों तक सैन्य कार्रवाई रोकी गई है. हालांकि ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी सीधी बातचीत से इनकार किया है और कहा है कि पिछले 24 दिनों में ऐसी कोई वार्ता नहीं हुई.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read