Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

रूस-यूक्रेन जंग के बीच ये 4 देश परमाणु हमले तक की कर रहे हैं तैयारी, नागरिकों को जारी की सलाह, जानिए क्यों कर रहे हैं ऐसा

स्कैंडिनेवियाई देश स्वीडन, फिनलैंड, नॉर्वे और डेनमार्क ने अपने नागरिकों के लिए सलाह जारी की है, जिसमें उन्हें किसी भी संकट की स्थिति में खुद को सेफ रखने के लिए कहा गया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर.

यूरोप के कई देश अपने नागरिकों को युद्ध के लिए तैयार रहने की सलाह दे रहे हैं. हाल ही में रूस और यूक्रेन युद्ध का 1000वां दिन पूरा हुआ है. मगर अब एक और गंभीर चिंता पैदा करने वाली खबर सामने आ रही है. स्कैंडिनेवियाई देश (Scandinavian Countries) स्वीडन, फिनलैंड, नॉर्वे और डेनमार्क ने अपने नागरिकों के लिए सलाह जारी की है, जिसमें उन्हें किसी भी संकट की स्थिति में खुद को सेफ रखने के लिए कहा गया है.

सबसे खराब स्थिति के लिए तैयार रहिए

स्वीडन (Sweden) ने सोमवार को लाखों पैम्फलेट बांटे, जिसमें युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और साइबर या आतंकी हमलों के लिए तैयारी करने के बारे में जानकारी थी. स्वीडिश पैम्फलेट में लिखा है: “सैन्य खतरे का स्तर बढ़ रहा है. हमें सबसे खराब स्थिति, स्वीडन पर सशस्त्र हमला, के लिए तैयार रहना चाहिए.”

32 पन्नों की पुस्तिका जिसमें, ‘यदि संकट या युद्ध आता है’, नागरिकों को सुझाव दिए गए हैं. उन्हें ज्यादा समय तक चलने वाले भोजन और पानी का भंडारण करने, नकदी हाथ में रखने और बगीचों में फल और सब्जियां उगाने जैसे सुझाव दिए गए हैं. पुस्तिका में एक पंक्ति में लिखा है “यदि स्वीडन पर किसी अन्य देश द्वारा हमला किया जाता है, तो हम कभी हार नहीं मानेंगे. प्रतिरोध समाप्त होने के बारे में सभी जानकारी झूठी है.”

स्वीडन का पांचवां पैम्फलेट

यह वर्ल्ड वॉर 2 के बाद से स्वीडन द्वारा पांच बार जारी किए गए पैम्फलेट का अपडेटेड वर्जन है. इसमें रूस, यूक्रेन या किसी अन्य देश का नाम नहीं है. पैम्फलेट स्वीडिश और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है और डिजिटल संस्करण कई अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध हैं, जिनमें अरबी, फारसी, यूक्रेनी, पोलिश, सोमाली और फिनिश भाषा शामिल हैं.

फिनलैंड ने शुरू की वेबसाइट

वहीं फिनलैंड (Finland) ने किसी भी तरह के संकट के समय की तैयारियों की जानकारी एक जगह करने के लिए एक वेबसाइट शुरू की है. फिनलैंड की वेबसाइट ने जोर देकर कहा है कि अधिकारी “आत्मरक्षा के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं.” फिनलैंड का रूस के साथ 1,340 किलोमीटर लंबा बॉडर है, इसी कारण फिनलैंड ने हाई लेवल की तैयारी की है.

मॉस्को द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद फिनलैंड ने रूस के साथ 200 किलोमीटर की बॉडर फेनसिंग की घोषणा की है, जो 10 फीट ऊंची और कांटेदार तार से ढकी हुई होगी. इसे 2026 तक पूरा किया जाना है.

आसानी से पकने वाला भोजन रखें

स्वीडिश और फिनिश दोनों सुझावों में नागरिकों को तैयारी में आसानी से पकने वाला भोजन शामिल करने को कहा गया है. फिनलैंड ने अपने नागरिकों से बैकअप पावर की व्यवस्था करने के लिए भी कहा है.

नॉर्वे ने 22 लाख कागजी प्रतियां भेजी

इस बीच नॉर्वे (Norway) ने अपने नागरिकों से युद्ध और अन्य खतरों की स्थिति में एक सप्ताह के लिए खुद ही प्रबंध करने के लिए तैयार रहने का आग्रह किया है.

मीडिया ने नॉर्वे के नागरिक सुरक्षा निदेशालय (DSB) में तैयारी अभियान के लिए जिम्मेदार टोर कामफजॉर्ड (Tore Kamfjord) के हवाले से कहा, “हमने नॉर्वे में प्रत्येक घर के लिए 22 लाख कागजी प्रतियां भेजी हैं. खाने के सामान में कई टीन के डिब्बों में भर कर बीन्स, एनर्जी बार, पास्ता और दवाइयों के डिब्बे. परमाणु हमले की स्थिति में आयोडीन की गोलियां घर पर रखी जाने वाली चीजों की सूची में शामिल हैं.”

डेनमार्क ने किया ईमेल

रिपोर्ट के अनुसार, डेनमार्क (Denmark) की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने अपने नागरिकों को तीन दिनों तक संकट से निपटने के लिए आवश्यक पानी, भोजन और दवाइयों के बारे में डिटेल ईमेल किया है.


ये भी पढ़ें: गाजा के नागरिकों के लिए Israel का खुला ऑफर- 5 मिलियन डॉलर का मिलेगा इनाम, अगर आपने हमारे…


रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस (Russia) के परमाणु हमलों के लिए जरूरी आदेश पर हस्ताक्षर किया है. जबकि कुछ दिन पहले अमेरिका ने यूक्रेन को रूसी क्षेत्र में लंबी दूरी की अमेरिकी निर्मित मिसाइलें दागने की अनुमति दी थी..

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital