Urdu Conclave 2026

बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव, हादी हत्या पर सख्ती की मांग

Bangladesh Election: बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने 12 फरवरी को आम चुनाव कराने की प्रतिबद्धता दोहराई. अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर से बातचीत में चुनाव, व्यापार-टैरिफ और युवा कार्यकर्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या पर चर्चा हुई.

Bangladesh Election: बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने एक बार फिर साफ किया है कि देश में आम चुनाव 12 फरवरी को ही होंगे. उन्होंने कहा कि जनता अपने वोट के अधिकार का लंबे समय से इंतजार कर रही है जिसे पहले के तानाशाही शासन ने छीन लिया था. यूनुस ने भरोसा दिलाया कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होंगे और इसे यादगार बनाने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने माना कि हाल की घटनाओं से थोड़ी निराशा जरूर हुई है लेकिन हौसला बरकरार है और हालातों पर लगातार नजर रखी जा रही है.

अमेरिका से व्यापार और टैरिफ पर चर्चा

सोमवार शाम यूनुस ने अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर से फोन पर करीब आधे घंटे बातचीत की. इस दौरान चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक बदलाव, व्यापार और टैरिफ जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. यूनुस ने बताया कि बांग्लादेश ने अमेरिकी सामानों पर टैरिफ को 20 प्रतिशत तक कम करने में सफलता हासिल की है. गोर ने इस उपलब्धि की सराहना की और कहा कि यूनुस के नेतृत्व में व्यापारिक रिश्ते मजबूत हुए हैं. दोनों देशों के बीच बड़े व्यापार समझौते की तैयारी भी चल रही है.

हिंसा और हादी हत्या का मुद्दा

बातचीत में युवा राजनीतिक कार्यकर्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या का मुद्दा भी उठा. यूनुस ने आरोप लगाया कि अपदस्थ तानाशाही शासन के समर्थक चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने के लिए लाखों डॉलर खर्च कर रहे हैं और उनके भगोड़े नेता हिंसा भड़का रहे हैं. उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है और हिंसा फैलाने वालों की पहचान की जा रही है.

इंकलाब मंच की मांगें

इंकलाब मंच ने हादी की हत्या के दोषियों को जल्द सजा देने की मांग तेज कर दी है. संगठन ने कहा कि 13वें आम चुनाव और संभावित जनमत संग्रह से पहले हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाया जाए. मंच ने फास्ट-ट्रैक न्यायिक ट्रिब्यूनल बनाने की मांग की है, जिसमें FBI और स्कॉटलैंड यार्ड जैसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों को शामिल किया जाए. साथ ही, सिविल और सैन्य खुफिया तंत्र में छिपे दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग भी की गई है.

ये भी पढ़े-पाकिस्तान में गदर! ल्यारी की आवाज पर हिला इस्लामाबाद, मौलाना ने की मुनीर की बेइज्जती; भारत की तारीफ में क्या बोले?

इंकलाब मंच ने दी चेतावनी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंकलाब मंच ने चेतावनी दी है कि अगर हादी की हत्या में न्याय नहीं मिला तो मौजूदा अंतरिम सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा. संगठन का कहना है कि 24 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भी जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई. वहीं, कानूनी सलाहकार आसिफ नजरुल ने बताया कि हादी हत्या मामले की सुनवाई स्पीड ट्रायल ट्रिब्यूनल में होगी और इसे 90 दिनों के भीतर पूरा करने की कोशिश की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read