India Afghanistan Relations: अफगानिस्तान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अजीजी ने सोमवार को बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अब अफगान व्यवसायी काबुल स्थित भारतीय दूतावास से आसानी से वीजा प्राप्त कर सकेंगे. पहले व्यापार और वाणिज्य के लिए यात्रा करने में दिक्कतें थीं लेकिन अब यह समस्या हल हो गई है. साथ ही अफगानों के लिए भारत में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए मेडिकल वीजा भी फिर से शुरू होंगे. तालिबान के सत्ता में आने से पहले भारत अफगान मरीजों के लिए पसंदीदा जगह रहा है.
पीयूष गोयल और अजीजी की मुलाकात
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को अफगानिस्तान के उद्योग और वाणिज्य मंत्री अजीजी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय व्यापार को आगे ले जाने पर चर्चा हुई. गोयल ने एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज अफगान मंत्री से मुलाकात कर खुशी हुई.
Met H.E. Alhaj Nooruddin Azizi, Afghan Minister of Industry and Commerce, today.
Our discussions reflected a shared commitment to advancing economic cooperation and expanding bilateral trade by facilitating smoother movement of goods and investment.
We reaffirmed our resolve to… pic.twitter.com/Dke9kS67pV
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) November 24, 2025
रिश्ते मजबूत करने का संकल्प
बैठक में दोनों पक्षों ने वस्तुओं और निवेश की सुगम आवाजाही पर जोर दिया. पीयूष गोयल ने कहा कि हमारी चर्चाओं में साझा प्रतिबद्धता दिखी है कि हम व्यापार को विस्तार देंगे और लोगों से लोगों के रिश्तों को और मजबूत करेंगे. अफगान मंत्री पांच दिन की भारत यात्रा पर हैं और उन्होंने एसोचैम के अधिकारियों से भी मुलाकात की.
रिश्ते बेहतर करने की इच्छा
अजीजी ने कहा कि उनकी यात्रा का मकसद भारत के साथ आर्थिक सहयोग और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि काबुल भारत के साथ नए व्यापार मार्ग विकसित करने और आर्थिक जुड़ाव बढ़ाने के लिए उत्सुक है.
राजनीतिक और आर्थिक संबंधों पर जोर
अजीजी ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच सिर्फ व्यापार ही नहीं बल्कि राजनीतिक संबंध भी बहुत अच्छे हैं. अब दोनों देश राजनीति, व्यापार और निवेश के नए अवसर तलाश रहे हैं. उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालयों ने इस यात्रा को सुगम बनाया और अफगानिस्तान खनन, कृषि, स्वास्थ्य और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग चाहता है.
व्यापार को एक अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य
अजीजी ने कहा कि दोनों पक्ष निजी क्षेत्र की गहरी रुचि के साथ द्विपक्षीय व्यापार को लगभग एक अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य बना रहे हैं. यह कदम दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देगा और व्यापारिक सहयोग को मजबूत करेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





