India US trade deal: भारत और अमेरिका के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन समझौते पर सहमति नहीं बन पाई है. अब खुलासा हुआ है कि इस डील को रोकने में ट्रंप प्रशासन के कुछ बड़े नाम शामिल रहे हैं.
सीनेटर टेड क्रूज का ऑडियो लीक
एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज का एक कथित ऑडियो सामने आया है. इसमें उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो पर आरोप लगाया कि वे भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध कर रहे थे. क्रूज ने यहां तक कहा कि कभी-कभी खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस विरोध में शामिल हो जाते थे.
ट्रंप की नीति पर आलोचना
ऑडियो में क्रूज ने ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी का मजाक उड़ाते हुए चेतावनी दी कि यह अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकती है. उन्होंने कहा कि अगर 2026 के मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान होता है तो ट्रंप पर महाभियोग तक लग सकता है.
दावोस में ट्रंप का सकारात्मक रुख
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर सकारात्मक बयान दिया था. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि वे उनके दोस्त हैं और दोनों देश एक अच्छी डील करने जा रहे हैं.
सीनेटरों की नाराजगी
क्रूज ने दावा किया कि अप्रैल 2025 में टैरिफ लागू होने के बाद उन्होंने और कई अन्य सीनेटरों ने ट्रंप से फोन पर बात की थी. इस बातचीत में उनसे फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की गई थी. क्रूज के अनुसार यह चर्चा देर रात तक चली और माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप उस दौरान गुस्से में चिल्ला रहे थे और अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे.
ये भी पढ़ें-ऑर्गेनिक नहीं, प्रायोजित थी बांग्लादेश की क्रांति! अमेरिकी डिप्लोमैट की लीक रिकॉर्डिंग ने मचाया हड़कंप
भविष्य पर सवाल
इस पूरे विवाद ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहां एक ओर ट्रंप सार्वजनिक मंचों पर दोस्ताना रुख दिखा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके प्रशासन के भीतर से विरोध की आवाजें डील को आगे बढ़ने से रोक रही हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


