Bharat Express DD Free Dish

‘भारत को बड़ा फायदा’, भारत-EU ट्रेड डील पर अमेरिका की प्रतिक्रिया

India EU trade deal: भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर अमेरिका ने प्रतिक्रिया दी है. अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि इस डील से भारत को यूरोपीय बाजारों में अधिक पहुंच और नागरिकों को इमिग्रेशन के नए अवसर मिलेंगे.

India EU trade deal: भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते पर अमेरिका की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. अमेरिकी प्रतिनिधि ग्रीर ने कहा कि इस डील में भारत सबसे बड़ा विजेता रहा है. उनके मुताबिक, भारत को यूरोपीय बाजारों तक पहले से कहीं ज्यादा पहुंच मिलेगी और भारतीय नागरिकों के लिए यूरोप में काम और बसने के नए अवसर खुलेंगे.

ऐतिहासिक समझौते का ऐलान

मंगलवार को भारत और यूरोपियन यूनियन ने लंबे समय से चर्चा में रहे फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को पूरा करने का ऐलान किया. इसे “मदर ऑफ ऑल डील्स” कहा जा रहा है. नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंट एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की.

पीएम मोदी का बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-ईयू सहयोग वैश्विक अस्थिरता के बीच स्थिरता का आधार बनेगा. उन्होंने इसे दोनों पक्षों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया. वहीं ईयू नेताओं ने गणतंत्र दिवस समारोह में भारत की मेहमाननवाज़ी और सांस्कृतिक विविधता की सराहना की.

यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट का दावा

उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यह समझौता दोनों तरफ के कारोबारियों के लिए नए अवसर खोलेगा. उन्होंने बताया कि इस FTA के तहत यूरोपीय कंपनियां हर साल लगभग 4 बिलियन यूरो की ड्यूटी बचा पाएंगी. साथ ही उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत का यूरोप को निर्यात दोगुने से भी ज्यादा बढ़ेगा.

ये भी पढ़ें-बीबीसी से अलजजीरा तक ‘मदर ऑफ ऑल डील’ की गूंज, बताया गेम चेंजर

रणनीतिक साझेदारी पर असर

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि यह समझौता भारत और ईयू के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा. उन्होंने बताया कि इसमें रक्षा सहयोग, आर्थिक रिश्ते और समुद्री सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं. साथ ही भारतीय कर्मचारियों के लिए यूरोप में कानूनी रास्ते भी आसान होंगे. मिसरी ने इसे 2030 की सोच वाला दूरदर्शी समझौता बताया और कहा कि भारत-ईयू संबंध अब और तेजी से आगे बढ़ेंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read