Bharat Express DD Free Dish

AI के असर से Block Inc. में कर्मचारियों की छंटनी, जैक डॉर्सी का बड़ा फैसला

Block Inc layoffs: Block Inc. के सीईओ जैक डॉर्सी ने कंपनी में 4000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. यह फैसला घाटे की वजह से नहीं बल्कि AI और नई टेक्नोलॉजी को अपनाने के कारण लिया गया है.

Block Inc layoffs: टेक और फिनटेक सेक्टर से आई इस खबर ने सबको चौंका दिया है. Block Inc. के सीईओ जैक डॉर्सी ने घोषणा की है कि कंपनी में 4000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है. उन्होंने इसे कंपनी के इतिहास का सबसे मुश्किल फैसला बताया और कहा कि अब काम करने का तरीका पूरी तरह बदलने वाला है.

आधी रह गई वर्कफोर्स

डॉर्सी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक नोट शेयर करते हुए बताया कि कंपनी में पहले 10,000 से ज्यादा कर्मचारी थे लेकिन अब यह संख्या घटकर 6,000 से भी कम रह जाएगी. यानी एक झटके में लगभग आधे कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.

निकाले गए कर्मचारियों को क्या मिलेगा?

जिन कर्मचारियों की नौकरी जा रही है, उन्हें 20 हफ्ते की सैलरी मिलेगी. इसके अलावा हर साल की सेवा के बदले 1 हफ्ते की अतिरिक्त सैलरी दी जाएगी. मई के अंत तक इक्विटी का लाभ, 6 महीने तक हेल्थ इंश्योरेंस, ऑफिस डिवाइस और करीब 5,000 डॉलर की मदद भी दी जाएगी ताकि वे नए काम की तैयारी कर सकें.

क्या घाटे में कंपनी है?

दिलचस्प बात यह है कि यह छंटनी किसी आर्थिक संकट की वजह से नहीं हुई. कंपनी का बिजनेस मजबूत है, मुनाफा बढ़ रहा है और ग्राहकों की संख्या भी बढ़ रही है. असल वजह है कंपनी का नया विजन, जिसमें AI और छोटे ग्रुप्स के साथ काम करने पर जोर दिया जा रहा है.

छटनी का कारण क्या है?

डॉर्सी का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से कम लोग भी ज्यादा काम कर सकते हैं. इसी वजह से उन्होंने धीरे-धीरे छंटनी करने के बजाय एक बार में बड़ा फैसला लिया. उनका कहना है कि बार-बार छंटनी करने से कर्मचारियों का भरोसा टूटता है और माहौल खराब होता है.

कर्मचारियों के लिए भावुक संदेश

डॉर्सी ने कहा कि जाने वाले लोग कंपनी को यहां तक लाने में अहम रहे हैं और यह फैसला उनके काम की कमी नहीं दिखाता. उन्होंने उनका शुक्रिया अदा किया और कहा कि वे अन्य कंपनियों में भी अच्छा योगदान देंगे. वहीं, जो कर्मचारी रहेंगे उनसे उन्होंने भविष्य बनाने में साथ देने की अपील की.

ये भी पढ़ें-भारत पर जिस कंपनी ने की हुकूमत, 160 साल बाद दूसरी बार फिर से हुआ पतन

क्या है आगे की योजना?

Block अब हर काम में AI और इंटेलिजेंस को केंद्र में रखेगा. कंपनी अपने ग्राहकों को भी इस बदलाव के लिए तैयार करेगी ताकि वे खुद अपने फीचर्स और सिस्टम बना सकें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read