Bharat Express DD Free Dish

भारत में तो केवल पेपर लीक पाकिस्तान में हो गया ये काम, जमकर हो रहा है बवाल

Cambridge Exam Leak: पाकिस्तान में कैंब्रिज परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आया है. एएस-लेवल मैथ्स का पेपर सोशल मीडिया पर समय से पहले शेयर हुआ.

Cambridge Exam Leak: पाकिस्तान में छात्रों के भविष्य से जुड़ी कैंब्रिज परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि एएस-लेवल मैथ्स का पेपर परीक्षा से पहले ही बाहर आ गया था. छात्रों का कहना है कि जिस पेपर से उन्हें परीक्षा देनी पड़ी, वही सवाल एक दिन पहले ऑनलाइन सॉल्व होकर घूम रहे थे.

कैंब्रिज इंटरनेशनल की पुष्टि

कैंब्रिज इंटरनेशनल एजुकेशन ने बुधवार को स्वीकार किया कि 12 मई को हुई एएस-लेवल मैथ्स परीक्षा का एक पेपर समय से पहले लीक हो गया था. इसके बाद बोर्ड ने 15 मई को होने वाला एक और मैथ्स पेपर भी स्थगित कर दिया. इस खुलासे ने हजारों छात्रों की चिंता और बढ़ा दी है.

बोर्ड का क्या कहना है?

बोर्ड ने कहा कि एएस-लेवल मैथमैटिक्स पेपर 52 (9709) हमारे नियमों के खिलाफ समय से पहले शेयर किया गया. उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं की तुरंत जांच होती है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि पेपर लीक कितनी दूर तक फैला और आगे क्या कदम उठाए जाएं.

पाकिस्तान में कैंब्रिज की अहमियत

कैंब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस एंड एसेसमेंट का हिस्सा सीआईई दुनिया के 160 से ज्यादा देशों में परीक्षाएं कराता है. पाकिस्तान में ओ-लेवल (कक्षा 10–11) और एएस/ए-लेवल (कक्षा 12–13) की पढ़ाई छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए तैयार करती है. यही वजह है कि पेपर लीक का असर छात्रों के भविष्य पर सीधा पड़ता है.

पहले भी हुआ था विवाद

29 अप्रैल को हुई एएस-लेवल मैथ्स परीक्षा (9709/12) को लेकर भी ऐसे ही आरोप लगे थे. जांच के बाद बोर्ड ने माना कि इन दावों में सच्चाई हो सकती है. इसी कारण उस पेपर की दोबारा परीक्षा 9 जून को रखी गई है.

ये भी पढ़ें-ईरान संग तनाव के बीच नेतन्याहू का कथित UAE दौरा! अरब देश ने खोली दावे की असलियत

पाकिस्तान में कैंब्रिज परीक्षा पेपर लीक का मामला छात्रों के लिए तनाव और अनिश्चितता लेकर आया है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read