Colombia Plane Crash News: कोलंबिया (Colombia) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. वहां बुधवार (28 जनवरी) को हुए एक भीषण विमान हादसे में विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा वेनेजुएला सीमा के पास एक दुर्गम पहाड़ी इलाके में उस वक्त हुआ, जब विमान लैंडिंग के करीब पहुंच चुका था. मरने वालों में देश के एक मौजूदा सांसद और आगामी चुनावों में हिस्सा ले रहे एक प्रमुख विधायी उम्मीदवार भी शामिल हैं.
राजनीतिक गलियारों में शोक
उभरते नेता की मौत इस दर्दनाक हादसे ने कोलंबिया के राजनीतिक जगत को झकझोर कर रख दिया है. मृतकों में 36 वर्षीय सांसद डियोजेनेस क्विंटेरो (Diógenes Quintero) शामिल हैं. क्विंटेरो कोलंबिया की संसद (चेंबर ऑफ डेप्युटीज) के सदस्य थे और कैटाटुम्बो क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे. वे 2022 में उन 16 प्रतिनिधियों में से एक चुने गए थे, जिन्हें विशेष रूप से कोलंबिया के दशकों पुराने संघर्ष के पीड़ितों के लिए आरक्षित सीटों पर प्रतिनिधित्व मिला था.
उनके साथ ही आगामी चुनाव में किस्मत आजमा रहे उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो (Carlos Salcedo) की भी इस दुर्घटना में जान चली गई है. बताया जा रहा है कि दोनों नेता अपने राजनीतिक दलों की टीमों के साथ यात्रा कर रहे थे.
टेकऑफ के 12 मिनट बाद ही टूटा संपर्क
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक जुड़वां प्रोपेलर वाला बीचक्राफ्ट 1900 (Beechcraft 1900) था. इसे सरकारी एयरलाइन ‘सतेना’ (Satena) संचालित कर रही थी, और यह उड़ान संख्या 8895 थी.
विमान ने कोलंबिया के नॉर्टे डी सैंटेंडर विभाग की राजधानी कुकुटा (Cúcuta) शहर से ओकाणा (Ocaña) के लिए उड़ान भरी थी. यह यात्रा आमतौर पर लगभग 40 मिनट की होती है. अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान भरने के महज 12 मिनट बाद ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान का संपर्क अचानक टूट गया.
दुर्गम पहाड़ी में मिला मलबा
संपर्क टूटने के बाद घंटों तक खोज अभियान चलाया गया. बाद में वायुसेना और स्थानीय समुदाय की मदद से विमान का मलबा ‘प्लाया डी बेलन’ के ग्रामीण इलाके में बरामद हुआ. यह घटनास्थल एंडीज पर्वतमाला का बेहद ऊबड़-खाबड़ और घना जंगली इलाका है, जो वेनेजुएला सीमा के करीब है.
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि यह क्षेत्र नेशनल लिबरेशन आर्मी (ELN) गुरिल्ला समूह के प्रभाव वाला माना जाता है. इसके अलावा, यहां का मौसम भी तेजी से बदलता है. बचाव दलों के पहुंचने पर पुष्टि हुई कि विमान में सवार 13 यात्री और 2 क्रू मेंबर्स में से कोई जीवित नहीं बचा.
ये भी पढ़ें: जेआईआईटी नोएडा में बायोसाइंसेज़ पर वैश्विक मंथन
राष्ट्रपति ने जताया दुख, जांच शुरू
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. फिलहाल हादसे की असल वजह स्पष्ट नहीं है. विमानन एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि क्या यह दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या फिर खराब मौसम इसकी वजह बना.
भारत के बाद एक और विमान त्रासदी
गौरतलब है कि यह अंतरराष्ट्रीय विमान हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब एक दिन पहले ही भारत में भी इसी तरह की एक दुखद घटना घटी थी. महाराष्ट्र के बारामती में हुए एक चार्टर प्लेन क्रैश में एनसीपी नेता अजीत पवार समेत विमान में सवार सभी लोगों की जान चली गई थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



