टोक्यो पहुंचा संजय झा के नेतृत्व वाला डेलिगेशन.
All Party Delegation In Tokyo: जेडीयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल (Delegation) ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प को बताने के लिए पांच देशों के दौरे के तहत गुरुवार तड़के टोक्यो पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं, जिसका उद्देश्य जापान , इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य और सिंगापुर के नेताओं के साथ विचार-विमर्श करते हुए 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकवादी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की व्यापक लड़ाई के बारे में अंतर्राष्ट्रीय भागीदारों को जानकारी देना है.
Delegation में कौन-कौन शामिल?
संजय झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में राजदूत मोहन कुमार, भाजपा सांसद डॉ हेमांग जोशी, सीपीआई (एम) सांसद जॉन ब्रिटास, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी , भाजपा सांसद बृज लाल और भाजपा सांसद प्रदान बरुआ शामिल हैं.
दुनिया को बताएंगे पाकिस्तान की सच्चाई- संजय झा
रवाना होने से पहले संजय झा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पूरी दुनिया को पाकिस्तान की आतंकवाद को संरक्षण देने की नीति और उसके जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत द्वारा की गई कार्रवाई की सच्चाई बताना है.
#WATCH | जापान: JD(U) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में संसद सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास पहुंचा।
यह प्रतिनिधिमंडल #OperationSindoor और आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए जापान, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य और… pic.twitter.com/TlfJbIiKQR
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 22, 2025
जेडीयू सांसद ने कहा, “सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि आतंकवाद पाकिस्तान की सरकारी नीति है. पूरे प्रतिनिधिमंडल का काम पाकिस्तान का चेहरा पूरी दुनिया के सामने लाना है. पाकिस्तान का पूरा राज्य आतंकवाद को प्रायोजित करता है और आतंकवाद पूरी तरह से राज्य के समर्थन से पनपता है.”
उन्होंने कहा, “हम यह बात पूरी दुनिया को बताना चाहते हैं और दूसरी बात परमाणु धमकी के बारे में है. हम यह बताना चाहते हैं कि हम पाकिस्तान द्वारा की जा रही आतंकवादी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे . हम यह संदेश देना चाहते हैं कि अब बहुत हो चुका.”
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का बीकानेर दौरा आज, करणी माता मंदिर में की गईं विशेष तैयारियां, लोगों में दिख रहा गजब का उत्साह
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि राजनयिक संपर्क यात्राओं से दुनिया को सीमापार आतंकवाद के खिलाफ भारत के एकजुट रुख का संदेश मिलेगा. सारंगी ने कहा, “देश के नागरिक के रूप में मैं कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार द्वारा लगभग 33 देशों में सात प्रतिनिधिमंडल भेजना एक सुविचारित अभ्यास है और इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सीमा पार आतंकवाद पर भारत के रुख से अवगत कराना है.”
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ढांचे पर सटीक हमले किए. भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के आक्रमण का प्रभावी ढंग से जवाब दिया और उसके एयरबेसों पर बमबारी की. पाकिस्तान के डीजीएमओ द्वारा अपने भारतीय समकक्ष को किए गए कॉल के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए सहमति जताई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



