राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान जंग पर बड़ा बयान
US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को लेकर अब एक नया और बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि यह युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव के तुरंत बाद इसे खत्म कर दिया जाएगा. लेकिन ट्रंप प्रशासन के ही कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की राय इससे बिल्कुल अलग बताई जा रही है.
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के कुछ करीबी सलाहकारों ने निजी बातचीत में उन्हें चेताया है कि ईरान के खिलाफ शुरू हुआ सैन्य अभियान उम्मीद से कहीं ज्यादा लंबा खिंच सकता है. हालात ऐसे रहे तो संघर्ष ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के अंत यानी जनवरी 2029 तक भी जारी रह सकता है.
ट्रंप से अलग है सलाहकारों की राय
रिपोर्ट के अनुसार, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने ओवल ऑफिस और सिचुएशन रूम में ट्रंप के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की है. अधिकारियों का आकलन है कि ईरान अमेरिकी दबाव के सामने आसानी से झुकने वाला नहीं है. ऐसे में लड़ाई को जल्द खत्म करना मुश्किल हो सकता है.
वहीं ट्रंप सार्वजनिक तौर पर लगातार युद्ध के जल्द खत्म होने की बात कर रहे हैं. उनका कहना है कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद जंग समाप्त हो सकती है. ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है. हालांकि, उन्होंने बातचीत की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है. उनका कहना है कि बातचीत संभव है, लेकिन फिलहाल अमेरिका ईरान से बातचीत की कोशिश नहीं कर रहा है.
होर्मुज के आसपास बढ़ा तनाव
इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास भी तनाव बढ़ता जा रहा है. ईरान ने दावा किया है कि उसने 10 जहाजों को निशाना बनाया है. इससे पहले अमेरिका ने पांच ईरानी तेल टैंकरों को नष्ट करने की कार्रवाई की थी. इन घटनाओं में एक नाविक की मौत और एक अन्य के लापता होने की खबर है.
ईरान ने जॉर्डन स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का भी दावा किया है. जॉर्डन के मुताबिक, उसने 18 मिसाइलों को रोक दिया. अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि सभी अमेरिकी सैनिक सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें: भारत की LPG सप्लाई पर युद्ध की मार, संकट में किसने दिया साथ? नाम जानकर चौंक जाएंगे
ऐसे में एक तरफ ट्रंप चुनाव के बाद युद्ध खत्म होने का भरोसा जता रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके ही सलाहकार इसके लंबे खिंचने की आशंका जाहिर कर रहे हैं. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह जंग वास्तव में चुनाव के बाद खत्म होगी या फिर जनवरी 2029 तक चलने वाला लंबा संघर्ष बन जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
