Bharat Express DD Free Dish

अमेरिका में ट्रंप की रीपोस्ट पर विवाद, भारत-अमेरिका रिश्तों पर आया बयान, राष्ट्रपति ने क्या कहा?

डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की सोशल मीडिया रीपोस्ट से विवाद खड़ा हुआ. अमेरिकी दूतावास ने सफाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भारत को महान देश मानते हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा सोशल मीडिया पर एक रीपोस्ट करने के बाद विवाद खड़ा हो गया. उस रीपोस्ट में रेडियो शो होस्ट माइकल सैवेज की टिप्पणियां शामिल थीं, जिसमें भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को ‘नरक’ कहा गया था. इस पर सवाल उठने लगे तो अमेरिकी दूतावास ने सफाई दी कि राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) भारत को एक महान देश मानते हैं और इसके नेतृत्व को अपना अच्छा मित्र बताते हैं.

अमेरिकी दूतावास का बयान

भारत में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) का मानना है कि भारत एक महान राष्ट्र है, जिसके शीर्ष पर उनके बहुत अच्छे मित्र हैं. हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ट्रंप ने यह टिप्पणी कब और कहां की थी. यह बयान भारतीय मीडिया के सवालों के जवाब में आया, जो ट्रंप की रीपोस्ट से जुड़े विवाद पर केंद्रित थे.

विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया

भारत के विदेश मंत्रालय ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमने इस मामले से जुड़ी खबरें और अमेरिकी दूतावास का बयान देखा है. प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सैवेज की टिप्पणियां तथ्यहीन, अनुचित और अशोभनीय हैं. उन्होंने कहा कि ये भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता को बिल्कुल नहीं दर्शातीं, जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं.

आखिर क्या है ‘नरक’ विवाद?

माइकल सैवेज ने अपने कार्यक्रम में अमेरिकी इमिग्रेशन कानूनों की आलोचना की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गर्भावस्था के अंतिम समय में अमेरिका पहुंचते हैं ताकि उनके बच्चों को जन्म के साथ ही नागरिकता मिल जाए. इसी संदर्भ में उन्होंने भारत और चीन जैसे देशों को ‘Hellhole’ कहा.

कहां प्रसारित हुआ वीडियो?

यह वीडियो पहले ‘द सैवेज नेशन’ शो में प्रसारित हुआ था. बाद में इसे ‘कॉमेंट्री डोनाल्ड ट्रंप पोस्ट्स फ्रॉम ट्रुथ सोशल’ नाम के अकाउंट से दोबारा शेयर किया गया. वीडियो में सैवेज ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में जन्मसिद्ध नागरिकता पर चल रही बहस पर नाराजगी जताई और कहा कि वहां सिर्फ कानूनी भाषा का खेल हो रहा है.

ये भी पढ़ें-अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले- होर्मुज पर हमारा कंट्रोल, हमारी नौसेना की मंजूरी के बिना नहीं गुजर सकते हैं जहाज

यह विवाद भारत-अमेरिका रिश्तों पर सवाल खड़े करता है, लेकिन दोनों देशों के बीच लंबे समय से बने भरोसे और सहयोग को देखते हुए इसे एक अस्थायी मुद्दा माना जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read