अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एप्पल को भारत में आईफोन मैन्युफैक्चरिंग को लेकर कड़ी चेतावनी दी है. ट्रंप ने एप्पल के सीईओ टिम कुक को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कंपनी भारत या किसी अन्य देश में आईफोन बनाती है, तो उसे अमेरिका में 25 प्रतिशत टैरिफ करवा दूंगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि अमेरिका में बिकने वाले आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग भी अमेरिका में ही होनी चाहिए. उन्होंने यह धमकी ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए दी, जिसमें उन्होंने लिखा, “मैंने पहले भी टिम कुक को इस बारे में समझाया था. अमेरिका में बिकने वाला आईफोन अमेरिका में ही बनना चाहिए, न कि भारत या किसी अन्य देश में.”
ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब एप्पल भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ाने पर जोर दे रही है. वर्तमान में, कंपनी हर पांच में से एक आईफोन भारत में असेंबल करती है, जो इसके कुल प्रोडक्शन का लगभग 20% है. एप्पल की योजना इस हिस्सेदारी को 20% से बढ़ाकर 60% तक ले जाने की है. भारत में उत्पादन बढ़ाने के लिए कंपनी लगातार निवेश कर रही है. इसका मुख्य कारण चीन में टैरिफ अनिश्चितता और वहां से मैन्युफैक्चरिंग को अन्य देशों में स्थानांतरित करने की रणनीति है.

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने एप्पल को टैरिफ की धमकी दी हो. इससे पहले भी उन्होंने कंपनी को भारत में मैन्युफैक्चरिंग बंद करने की चेतावनी दी थी, लेकिन एप्पल ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. ट्रंप की इस नई धमकी से एप्पल की रणनीति पर असर पड़ सकता है, क्योंकि अमेरिका कंपनी का सबसे बड़ा बाजार है. अब देखना यह है कि एप्पल इस चेतावनी का जवाब कैसे देती है और क्या वह भारत में अपने विस्तार की योजना को जारी रखेगी.
यह भी पढ़िए: डोनाल्ड ट्रंप का दावा— भारत 100% अमेरिकी टैरिफ हटाने को तैयार
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



