Attacks On Donald Trump: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (WHCA) के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सहित कई वीआईपी मेहमान मौजूद थे. ट्रंप इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं. रात करीब 8:45 बजे (EDT) जब डिनर कार्यक्रम चल रहा था, तभी लॉबी से गोलियों की तेज और लगातार आवाजें आईं, जिसके बाद पूरे हॉल में भगदड़ मच गई.
शॉटगन के साथ घुसा था कोल टॉमस एलन (Donald Trump assassination attempt)
हिल्टन होटल में फायरिंग करने वाले इस शूटर की तस्वीरें सामने आ गई हैं. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया (टॉरेंस) के रहने वाले 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन (Cole Thomas Allen) के रूप में हुई है. FBI के मुताबिक, हमलावर के पास ‘शॉटगन’ थी और उसने डिनर के सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की थी. इसी दौरान उसने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर सीधे फायरिंग कर दी.
गनीमत यह रही कि एजेंट ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उसकी जान बच गई. तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को पेट के बल अर्धनग्न अवस्था में जमीन पर लेटाकर दबोच रखा है.
ट्रंप ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
हमले के तुरंत बाद हॉल को खाली करा लिया गया और नेशनल गार्ड के जवानों ने इमारत के अंदर मोर्चा संभाल लिया. ट्रंप ने व्हाइट हाउस पहुंचकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने अपनी सीक्रेट सर्विस और सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी की जमकर सराहना की. राष्ट्रपति ने बताया कि जिस एजेंट को गोली लगी, उसकी बुलेटप्रूफ जैकेट ने उसे बचा लिया. ट्रंप ने यह भी बताया कि संदिग्ध के पास कई हथियार थे और उसने चेकपॉइंट पर हमला किया था. उन्होंने गिरफ्तार किए गए शूटर कोल टॉमस एलन को ‘मानसिक रूप से बीमार’ करार दिया है.
अब तक कितनी बार बचे डोनाल्ड ट्रंप? (donald Trump past attacks timeline)
यह पहला मौका नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप की जान लेने की कोशिश की गई है. 2016 से लेकर अब तक उन पर कई जानलेवा हमले हो चुके हैं.
- 18 जून 2016 (लास वेगास, नेवादा): 2016 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान, माइकल स्टीवन सैंडफोर्ड नाम के एक ब्रिटिश नागरिक ने लास वेगास की एक रैली में ट्रंप को मारने की कोशिश की थी. उसने एक पुलिस अधिकारी की बंदूक छीनने का प्रयास किया था, लेकिन उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.
- 13 जुलाई 2024 (बटलर, पेन्सिलवेनिया): एक चुनावी रैली के दौरान 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रूक्स ने पास की एक इमारत की छत से ट्रंप पर स्नाइपर हमला किया था. एक गोली ट्रंप के दाहिने कान के ऊपरी हिस्से को छूकर निकल गई. इस हमले में एक दर्शक की मौत हो गई थी, जबकि सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मौके पर ही मार गिराया था.
- 15 सितंबर 2024 (वेस्ट पाम बीच, फ्लोरिडा): ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में गोल्फ खेलते समय 58 वर्षीय रयान वेस्ली राउत राइफल लेकर झाड़ियों में छिपा हुआ पाया गया था. सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे देख लिया और उस पर फायरिंग की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
- 26 अप्रैल 2026 (वाशिंगटन डीसी): व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान वाशिंगटन के हिल्टन होटल में 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन ने सुरक्षा घेरा तोड़कर ट्रंप पर हमले का प्रयास किया.
ये भी पढ़ें: क्या है कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर? जहां डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में दनादन चली गोलियां, जानें 105 साल की परंपरा
हिल्टन होटल आमतौर पर आम लोगों के लिए खुला रहता है और सुरक्षा व्यवस्था मुख्य रूप से बॉलरूम तक सीमित रहती है. इसी वजह से लॉबी में सुरक्षा घेरा तोड़ने की यह घटना सामने आई. फिलहाल एफबीआई (FBI) और सीक्रेट सर्विस इस मामले की सघन जांच कर रही है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद हमलावर इतने हथियारों के साथ अंदर तक पहुंचने में कैसे कामयाब रहा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

