Bharat Express DD Free Dish

लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर FBI का हंटर: रेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, भारत-अमेरिका, कनाडा और यूरोप से 37 में से 24 गिरफ्तार

America operation hard ball: अमेरिका ने FBI के तहत ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के चलते लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर बड़ी कार्रवाई की है. 24 गिरफ्तारियां हुईं, जबकि गोल्डी बराड़ पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया गया.

Lawrence Bishnoi Gang

Lawrence Bishnoi Gang

America operation hard ball: अमेरिका ने संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक शुरू की है. संघीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) और उससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई करते हुए कई देशों में छापेमारी और गिरफ्तारियां की हैं. इस अभियान में अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानूनी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं.

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस संयुक्त अभियान में अब तक 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 10 अन्य की तलाश जारी है. जांच एजेंसियों का कहना है कि ये सभी भारत से जुड़े तीन बड़े ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप्स से जुड़े हुए हैं, जिन पर हत्या, जबरन वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंसक अपराधों को अंजाम देने जैसे गंभीर आरोप हैं.

37 लोगों पर चार्जशीट

अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया के यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी ऑफिस के अनुसार, कुल 37 लोगों के खिलाफ तीन अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की गई हैं. इनमें लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह धांधा समेत कई नाम शामिल हैं.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 11 कैलिफोर्निया, एक इंडियाना और एक जॉर्जिया से पकड़ा गया है. वहीं कनाडा में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, एक आरोपी स्पेन में पकड़ा गया और सात आरोपी पहले से ही हिरासत में थे. जांच एजेंसियां अभी भी 10 फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं, जिनमें सात अमेरिका, दो भारत और एक यूरोप में होने की आशंका है.

निज्जर हत्याकांड को लेकर भी गंभीर आरोप

चार्जशीट में सबसे गंभीर आरोप 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे शहर में हुई हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़ा है. अदालत में दाखिल दस्तावेजों में पीड़ित की पहचान “H.S.N.” के रूप में की गई है. अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने जेल और विदेश में बैठकर इस हत्या की साजिश रची थी तथा शूटरों को निर्देश दिए थे.

जांच के अनुसार, दो हमलावरों ने सरे के एक सिख गुरुद्वारे के बाहर निज्जर पर गोलीबारी कर उनकी हत्या कर दी थी. इस मामले की जांच अमेरिका और कनाडा की एजेंसियां मिलकर कर रही हैं.

धार्मिक और राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाया

अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि यह आपराधिक नेटवर्क केवल आर्थिक अपराधों तक सीमित नहीं था, बल्कि धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों को भी निशाना बनाता. अधिकारियों का कहना है कि हाई-प्रोफाइल हमलों का इस्तेमाल लोगों में डर पैदा करने और फिर उनसे वसूली करने के लिए किया जाता था.

चार्जशीट में नवंबर 2023 में कनाडा के वैंकूवर में एक भारतीय अभिनेता और गायक के घर पर हुई गोलीबारी का भी जिक्र है. जांच एजेंसियों के अनुसार, इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली गई थी, जिसमें धमकी भरा संदेश भी जारी किया गया था.


ये भी पढ़ें: बंगाल पुलिस का इंसाफ! रात के 12:45 बजे, छीनी राइफल और चली गोली, 12 साल की मासूम का दरिंदा ढेर


गोल्डी बराड़ पर 50 हजार डॉलर का इनाम

एफबीआई ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) को वांटेड घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50,000 अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है. एजेंसी का कहना है कि गोल्डी बराड़ उत्तर अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क का प्रमुख संचालक माना जाता है और उसके संबंध अमेरिका, कनाडा, भारत तथा मैक्सिको तक फैले हुए हैं.

एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ के ठिकानों का संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो से भी जोड़ा गया है. एजेंसी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास उसके बारे में विश्वसनीय जानकारी हो तो तुरंत कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क करें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read