विदेश मंत्री एस. जयशंकर.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर वाशिंगटन डीसी में डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जयशंकर प्रधानमंत्री मोदी का एक पत्र भी ट्रंप को सौंपेंगे.
प्रधानमंत्री की ओर से किसी प्रमुख नेता को विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह में भेजने की परंपरा रही है.
डोनाल्ड ट्रंप लेंगे अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे. यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा. यह शपथ अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स द्वारा दिलाई जाएगी. समारोह का आयोजन अमेरिकी कैपिटल के बाहर होना था, लेकिन सर्द मौसम के कारण इसे कांग्रेस के भवन के अंदर किया जाएगा.
भारत के नेता पहले भी रहे हैं ऐसे आयोजनों में शामिल
इससे पहले भी भारतीय नेता अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
- मई 2023 में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाइजीरिया के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में हिस्सा लिया था.
- नवंबर 2023 में, केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मालदीव के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया था.
- जुलाई 2024 में, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ईरान के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.
विदाई देंगे जो बाइडन
शपथ ग्रहण समारोह पहले ट्रंप सेंट जॉन चर्च जाएंगे और प्रार्थना करेंगे. इसके बाद वे राष्ट्रपति के गेस्ट हाउस, ब्लेयर हाउस, पहुंचेंगे. शपथ ग्रहण से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और उनके पति डगलस एमहॉफ का स्वागत करेंगे. इसके बाद वे ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का भी स्वागत करेंगे.
डेमोक्रेटिक नेता और निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे. उन्होंने ट्रंप को सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है.
समारोह में मशहूर गायिका कैरी अंडरवुड अपनी प्रस्तुति देंगी. रायटर्स के मुताबिक, उनका नाम आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


