Bharat Express DD Free Dish

इजरायल-हमास संघर्ष फिर भड़का, युद्धविराम के बाद गाजा पर हमला

अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम समझौते के उल्लंघन के बाद इजराइल ने गाजा पर हमला किया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई. हमास ने हमले की जिम्मेदारी से इनकार किया है.

Gaza Airstrike

Israel Hamas Conflict: अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम समझौते को हमास द्वारा तोड़ने के बाद इजरायल ने गाजा पर फिर से हमला कर दिया है. इस हमले में नौ लोगों की मौत हो गई है. इजरायली सेना (IDF) ने बताया कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निर्देश पर की गई, जिन्होंने सेना को गाजा पट्टी में तुरंत और शक्तिशाली हमला करने को कहा था.

अमेरिका को पहले ही दी गई थी जानकारी

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने गाजा पर हमले के फैसले से पहले अमेरिका को सूचना दे दिया गया था. एक सैन्य अधिकारी ने दावा किया कि हमास के आतंकवादियों ने पहले इजरायली बलों पर हमला किया था, जिससे यह कार्रवाई जरूरी हो गई.

राफा में सैनिकों पर हमला

गाजा के राफा क्षेत्र में इजरायली सैनिकों पर आरपीजी और स्नाइपर फायरिंग की गई. इसके बाद इजरायली रक्षा मंत्री योआव काट्ज़ ने कहा कि हमास को इस हमले की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि इजरायल बड़ी ताकत से जवाब देगा.

महिलाओं और बच्चों की मौत

गाजा नागरिक रक्षा के अनुसार, गाजा शहर के अल-सबरा इलाके में हुए हवाई हमले में तीन महिलाएं और एक पुरुष मारे गए. वहीं, दक्षिणी शहर खान यूनिस में एक अन्य हमले में दो बच्चों और एक महिला की मौत हुई. अल शिफा अस्पताल के पास भी तीन विस्फोटों की आवाज सुनी गई.

शव की गलत पहचान का विवाद

इजरायल ने आरोप लगाया है कि हमास ने हाल ही में जो बंदी के अवशेष लौटाए हैं, वे उसी व्यक्ति के हैं जिसका शव दो साल पहले ही बरामद हो चुका था. नेतन्याहू ने कहा कि इस मामले की जांच के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा.

हमले की जिम्मेदारी से किया इनकार

हमास ने इजरायली हमलों की निंदा की है और सैनिकों पर हमले की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है. हालांकि, उसने संघर्ष विराम बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.

इसे भी पढ़ें-इजराइल-हमास युद्धविराम पर फिर संकट, शवों की वापसी को लेकर तनाव बढ़ा

अब तक का नुकसान

अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक 68,527 लोग मारे गए हैं और 1,70,395 घायल हुए हैं. 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में 1,139 इजरायली नागरिकों की मौत हुई थी और 250 से अधिक लोगों को बंदी बनाया गया था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read