गिनी की राजधानी कोनाक्री में 30 की मौत
Guinea Landfill Collapse: गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के बड़ा हादसा हुआ. शहर के सबसे बड़े लैंडफिल ‘दार एस सलाम’ पर जमा कचरे का विशाल ढेर भारी बारिश के बाद अचानक ढह गया. इस हादसे में करीब 30 लोगों की जान चली गई और कई झुग्गियां मलबे में दब गईं.
कैसे हुआ भूस्खलन
अधिकारियों के मुताबिक रात करीब दो बजे शुरू हुई तेज बारिश के कारण कचरे का ढेर बह गया और भूस्खलन जैसी स्थिति बन गई. आसपास की बस्तियां इस मलबे की चपेट में आ गईं. बचाव दल लगातार जीवित लोगों की तलाश कर रहा है. छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए.
स्वच्छता अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल ने क्या बताया?
सैन्य इंजीनियरिंग बटालियन के स्वच्छता अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बाइलो ने बताया कि यह लैंडफिल शहर का सबसे बड़ा खुला कचरा स्थल है और इसे रविवार को बंद करने की योजना थी. लेकिन हादसे से पहले ही यह ढेर गिर गया और तबाही मच गई.
लोगों को हटने का दिया गया था नोटिस
स्थानीय प्रशासन ने पहले ही आसपास रहने वाले लोगों को हटने का नोटिस दिया था. कई परिवार वहां से चले भी गए थे, लेकिन उस समय कुछ लोग अब भी मौजूद थे. इसी वजह से हादसे में जानमाल का नुकसान हुआ. मंत्री डिएनाबू टुरे ने घटनास्थल पर कहा कि बाकी परिवारों को सुरक्षित जगह पर बसाया जाएगा.
खनिजों से भरपूर होने के बाद गरीब देश क्यों?
गिनी प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है. यहां बॉक्साइट का दुनिया का सबसे बड़ा भंडार है साथ ही लौह अयस्क, सोना और हीरे भी पाए जाते हैं. इसके बावजूद विश्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, यहां की लगभग 44% आबादी गरीबी रेखा से नीचे जीवन गुजार रही है.
ये भी पढ़ें-धरती से हजारों कोस दूर हमेशा शांत-शीतल दिखने वाले चंद्रमा पर अब ऐसा क्या मिला, जिससे अचंभित हुए वैज्ञानिक?
रिलोकेशन की तैयारी
हादसे के बाद गिनी सरकार ने साफ किया है कि प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह बसाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. मंत्री टुरे ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी परिवार असुरक्षित इलाके में न रहे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



