किसने किया कैप्टन स्मित पर हमला?
Smit Machchhar Attack: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला करने और विमान को जमीन की ओर ले जाने की कोशिश के मामले में को-पायलट की पहचान सामने आ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, को-पायलट का नाम हमाम अल-हम्मामी (Hamam al-Hammami) है (Who is Smit Machchhar Attacker). घटना के करीब तीन दिन बाद उसका नाम सार्वजनिक हुआ है. इस मामले में अब उसके पुराने रिकॉर्ड को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमाम पर कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होने का शक था. इसी वजह से ओमान ने पहले ही उसे विमान उड़ाने से प्रतिबंधित कर दिया था. हालांकि, इसके बावजूद उसे फ्लाईदुबई में नौकरी मिल गई और वह UAE तथा इजरायल के बीच उड़ान भरने वाले रूट पर को-पायलट के तौर पर काम कर रहा था. फिलहाल यह साफ नहीं है कि ओमान की ओर से जताई गई चिंताओं की जानकारी दूसरे देशों या एयरलाइंस को दी गई थी या नहीं.
फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था?
फ्लाईदुबई की यह फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी. बुधवार (30 सितंबर) को उड़ान के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर कॉकपिट में कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद उसने विमान को नीचे की ओर ले जाने की कोशिश की. अधिकारियों के मुताबिक, विमान में 170 से ज्यादा यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे.
स्थिति बिगड़ती देख यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने को-पायलट को काबू में कर लिया. उस समय फ्लाइट में फ्लाईदुबई का एक रिजर्व पायलट भी मौजूद था. बाद में रिजर्व क्रू ने विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा. लैंडिंग के बाद सऊदी अधिकारियों ने को-पायलट को हिरासत में ले लिया.
UAE भेजा गया को-पायलट
घटना के अगले दिन, गुरुवार को हमाम को UAE भेज दिया गया. सूत्रों के मुताबिक, इजरायली अधिकारी उससे पूछताछ कर सकते हैं. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इजरायल की कौन-सी एजेंसी इस पूछताछ में शामिल होगी.
इजरायल सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि इजरायली जांचकर्ता UAE की अगुवाई में चल रही जांच में अमीराती अधिकारियों के साथ काम करेंगे. जांच का मकसद यह समझना है कि फ्लाइट में वास्तव में क्या हुआ, को-पायलट का मकसद क्या था और उसका पिछला रिकॉर्ड क्या बताता है.
घटना को ‘सेफ्टी इंसिडेंट’ बताया
फ्लाईदुबई के चीफ एग्जीक्यूटिव गैथ अल गैथ ने शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक तौर पर घटना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मामले की आधिकारिक जांच चल रही है और एयरलाइन जांच में पूरा सहयोग कर रही है. उन्होंने कॉकपिट में हुई घटना को ‘सेफ्टी इंसिडेंट’ बताया और कहा कि जांच को तथ्यों तक पहुंचने का मौका दिया जाना चाहिए.
UAE की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, अमीराती अधिकारियों ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है. इसमें घटना की परिस्थितियों, को-पायलट के मकसद और संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश होगी कि क्या इस घटना के पीछे पहले से कोई योजना या निर्देश था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

