गाजा में लंबे समय से चल रहे संघर्ष को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है. फिलिस्तीनी संगठन हमास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 सूत्री गाजा शांति योजना को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है और लगभग सभी प्रमुख शर्तों को मानने की बात कही है. शुक्रवार को हमास ने घोषणा की कि वह इजरायली बंधकों को रिहा करने के लिए तैयार है.
ट्रंप की चेतावनी
यह घोषणा उस समय आई जब ट्रंप ने हमास को रविवार शाम 6 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था कि अगर वह शांति समझौते पर सहमत नहीं होता है तो गाजा में कहर टूट सकता है. ट्रंप ने साफ कहा था कि यह हमास के लिए आखिरी मौका है वरना अमेरिका इजरायल को पूरा समर्थन देगा.
हमास ने क्या कहा?
हमास ने अपने बयान में कहा कि वह मध्यस्थों के माध्यम से तत्काल वार्ता शुरू करने को तैयार है ताकि योजना की पर बात हो सके. अगर यह बातचीत सफल होती है, तो अक्टूबर 2023 में इजरायल पर हमले के दौरान बंधकों की वापसी की दिशा में यह सबसे बड़ी सफलता मानी जाएगी.
ट्रम्प की 20-सूत्रीय योजना
ट्रंप के 20 सूत्री प्लान में युद्धविराम, बंधकों की रिहाई, हमास का गाजा से प्रशासनिक नियंत्रण छोड़ना और एक स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों की फिलिस्तीनी संस्था को शासन सौंपना शामिल है. इसके अलावा, इजरायल को भी सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करना होगा.
ट्रंप की भूमिका की सराहना
हमास ने ट्रंप की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और साथ ही अरब, इस्लामी और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों का भी आभार जताया. यह पहली बार है जब हमास ने गाजा के प्रशासन से हटने की बात कही है, जो अब तक उसके नियंत्रण में था.
ट्रंप ने प्रस्ताव पर क्या कहा?
ट्रंप ने इस प्रस्ताव को एक रोडमैप बताया है जो न केवल युद्ध को रोकने का प्रयास करता है बल्कि गाजा के भविष्य के प्रशासन को भी दिशा देता है. उन्होंने कहा कि अगर हमास इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है, तो गाजा में तुरंत मानवीय सहायता भेजी जाएगी.
इसे भी पढ़ें-चीखें मारकर रोएगा पाकिस्तान! भारत आ रहा तालिबान का यह नेता, होने वाली है ऐसी डील की डर जाएंगे शहबाज-मुनीर
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने बताया सकारात्मक
इस कदम को अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी सकारात्मक रूप में देखा है. कतर, मिस्र और संयुक्त राष्ट्र ने इसे शांति की दिशा में एक अहम पहल बताया है. हालांकि, कुछ मुद्दों पर हमास के भीतर मतभेद भी हैं, खासकर हथियार छोड़ने को लेकर.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

