Urdu Conclave 2026

हंतावायरस से प्रभावित क्रूज शिप टेनेरिफ पहुंचा, 3 की मौत और 8 बीमार

Hantavirus Cruise Ship Tenerife: स्पेन के टेनेरिफ में हंतावायरस से प्रभावित क्रूज शिप MV होंडियस को रोका गया. जहाज पर 3 लोगों की मौत और 8 लोग बीमार हुए. यात्रियों को टेस्ट के बाद एयरपोर्ट भेजा जाएगा. WHO और यूरोपीय यूनियन ने रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की.

Hantavirus Cruise Ship Tenerife: स्पेन के टेनेरिफ द्वीप के पास रविवार सुबह लग्जरी क्रूज शिप MV होंडियस को रोक दिया गया. जहाज पर हंतावायरस संक्रमण फैलने की खबर के बाद इसे ग्रेनाडिला पोर्ट के पास खड़ा किया गया है. अब यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी चल रही है. इस संक्रमण से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग बीमार हैं. मरने वालों में एक डच दंपति और एक जर्मन नागरिक शामिल हैं.

यात्रियों की जांच

स्पेनिश अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी यात्री में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं. फिर भी सभी को हाई-रिस्क कॉन्टैक्ट माना गया है. यूरोप की हेल्थ एजेंसी ने भी यही चेतावनी दी है. जहाज पर 23 देशों के 149 लोग सवार हैं. यात्रियों को छोटे बोट से किनारे लाया जाएगा और स्वास्थ्य अधिकारी उनका टेस्ट करेंगे. जांच पूरी होने के बाद उन्हें बंद बसों से टेनेरिफ एयरपोर्ट भेजा जाएगा, जहां से वे अपने-अपने देशों के लिए रवाना होंगे.

रेस्क्यू की प्रक्रिया

अधिकारियों के मुताबिक, सबसे पहले स्पेन के नागरिकों को जहाज से उतारा जाएगा. इसके बाद अन्य देशों के यात्रियों को अलग-अलग समूहों में बाहर निकाला जाएगा. करीब 30 क्रू मेंबर जहाज पर ही रहेंगे. बाद में इस जहाज को नीदरलैंड ले जाया जाएगा, जहां इसे पूरी तरह साफ और डिसइन्फेक्ट किया जाएगा.

WHO और EU की मदद

यह जहाज बुधवार को केप वर्डे से स्पेन के लिए रवाना हुआ था. वहां यात्रियों को उतरने की अनुमति नहीं मिली थी. इसके बाद WHO और यूरोपीयन यूनियन ने स्पेन से मदद मांगी. WHO चीफ टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस भी शनिवार को टेनेरिफ पहुंचे और स्पेन के स्वास्थ्य व गृह मंत्री के साथ पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की.

ये भी पढ़ें-वैश्विक समुद्री व्यापार में अमेरिका-चीन को टक्‍कर दे रहा भारत, इतिहास रचने के कगार पर हैं हमारे ये बंदरगाह

हंतावायरस कैसे फैलता है?

हंतावायरस आमतौर पर चूहों जैसे जानवरों के मल, पेशाब या लार से फैलता है. इससे गंभीर सांस की बीमारी हो सकती है. हालांकि इंसान से इंसान में इसका फैलना बेहद कम होता है. WHO का कहना है कि दुनिया के बाकी लोगों के लिए खतरा फिलहाल कम है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read