होर्मुज स्ट्रेट में जहाज पर हमला
भारत के विदेश मंत्रालय ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक कमर्शियल जहाज पर हमले की जानकारी दी है. MEA ने बयान जारी कर बताया कि ओमान तट के पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले जहाज एमटी ऑन पीस (IMO 9893204) पर मंगलवार को अटैक किया गया. जहाज पर मौजूद 19 लोगों के चालक दल में 17 भारतीय नागरिक थे, जिनमें से कुल 12 लोग घायल हो गए. इनमें से 11 भारतीय नाविक थे.
भारत ने गहरी चिंता जताई
भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल आकर लगा. इस हमले में 12 क्रू मेंबर घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं.
ओमान की मदद से घायलों को पहुंचाया गया खासाब
विदेश मंत्रालय ने आगे बताया कि ओमानी अधिकारियों की मदद से सभी घायल क्रू मेंबर्स को जहाज से निकालकर सुरक्षित तौर पर ओमान के खासाब ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. भारत ने इस दौरान मदद के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी जताया है.
भारत ने क्या अपील की?
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की लगातार हो रही घटनाएं भारत के लिए गंभीर चिंता की बात हैं. भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की अपनी अपील दोहराई है. बयान में कहा गया कि क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने का सिलसिला खत्म होना चाहिए. साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिए नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना बहुत जरूरी है.
ये भी पढ़ें-फ्रांस में Gen-Z का कोहराम, 21 सितंबर की छोटी सी चिंगारी से सुलगा पूरा देश, जानें क्यों हो रहा है प्रदर्शन?
क्यों अहम है होर्मुज ऑफ स्ट्रेट?
होर्मुज ग्लोबल समुद्री व्यापार के लिए बेहद अहम रास्ता है. यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा, बल्कि इंटरनेशनल व्यापार और ऊर्जा सप्लाई पर भी असर पड़ सकता है. भारत ने साफ किया है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित नौवहन और बिना रुकावट वाणिज्यिक गतिविधियां सुनिश्चित होना क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए जरूरी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




