Iran Protests: ईरान में वर्तमान में जो हालात बने हुए हैं, उस पर राष्ट्रपति ट्रंप का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका हर तरह की मदद देने को तैयार है. उन्होंने दावा किया कि ईरान अब स्वतंत्रता की ओर देख रहा है और ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं रही. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान स्वतंत्रता की ओर बढ़ रहा है और अमेरिका उसका साथ देगा.

चेतावनी और कार्रवाई का संकेत
एक समाचार एजेंसी कि माने तो ट्रंप और अमेरिकी अधिकारियों ने पहले भी चेतावनी दी थी कि अगर ईरान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की हत्या होती है तो अमेरिका कार्रवाई करेगा. ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि अगर लोग मारे गए तो अमेरिका दखल देगा. उन्होंने साफ किया कि इसका मतलब सेना भेजना नहीं है बल्कि उन जगहों पर कड़ा वार करना है जहां ईरान को सबसे ज्यादा चोट लगे.
ईरान का विरोध
ईरान के विदेश मंत्रालय ने ट्रंप प्रशासन के बयानों की निंदा की है. मंत्रालय ने कहा कि ये बयान दखल देने वाले और गुमराह करने वाले हैं. उनके अनुसार, इससे साफ होता है कि अमेरिका अब भी ईरानी जनता के प्रति दुश्मनी रखता है.
कब से प्रदर्शन हो रहा है?
दिसंबर के अंत से ईरान के कई शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं. इसकी वजह देश की मुद्रा रियाल का गिरना और लंबे समय से जारी आर्थिक परेशानियां हैं. सरकार ने माना है कि लोग सड़कों पर उतरे हैं और कहा कि वह आर्थिक समस्याओं को हल करने के लिए तैयार है लेकिन हिंसा और तोड़फोड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ये भी पढ़ें-‘राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं’… प्रदर्शनों के बीच ईरानी सेना का ऐलान
सेना का सख्त रुख
इस बीच, ईरान की सेना ने कहा है कि वह देश के हितों की रक्षा करेगी और अहम ढांचों व सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करेगी. सरकारी प्रसारक के मुताबिक, सेना ने लोगों से एकजुट रहने और दुश्मन की साजिशों को नाकाम करने की अपील की है. सेना ने आरोप लगाया कि इजरायल और कुछ आतंकी संगठन शहरों में अशांति फैलाने और जनता को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं. सेना ने नागरिकों से सतर्क रहने और मिलकर दुश्मन का मुकाबला करने का आह्वान किया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

