Bharat Express DD Free Dish

‘घमंडी शासकों का पतन तय’… ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का ट्रंप पर हमला

Iran US Tensions: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को घमंडी शासकों की श्रेणी में रखते हुए तीखा हमला बोला. उन्होंने ट्रंप की तुलना पूर्व शाह मोहम्मद रजा पहलवी से की.

Iran US Tensions: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोला है. उन्होंने ट्रंप को घमंडी शासकों की श्रेणी में रखते हुए तीखा हमला बोला है. खामेनेई ने कहा कि इतिहास गवाह है, जब कोई शासक अहंकार की चरम सीमा पर पहुंचता है तो वहीं से उसका पतन शुरू हो जाता है. खामेनेई ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर ट्रंप की तुलना ईरान के पूर्व शाह मोहम्मद रजा पहलवी से की जिन्हें उन्होंने अत्याचार और घमंड का प्रतीक बताया.

अशांति और तनाव के बीच बयान

यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब ईरान में व्यापक अशांति फैली हुई है और अमेरिका के साथ तनाव चरम पर है. ट्रंप द्वारा ईरानी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में दिए गए बयानों ने हालात को और भड़का दिया है.

अमेरिका पर पाखंड का आरोप

तेहरान में अपने समर्थक को संबोधित करते हुए खामेनेई ने अमेरिका पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन खुले तौर पर पाखंड की नीति अपनाता है और इसका सबसे बड़ा उदाहरण लैटिन अमेरिका है जहां वह देशों को तेल के लिए घेरता है. खामेनेई ने यह भी कहा कि अमेरिका बिना किसी झिझक के स्वीकार करता है कि उसकी विदेश नीति का असली मकसद सिर्फ और सिर्फ तेल है.

तोड़फोड़ पर नाराजगी

खामेनेई ने तेहरान और अन्य शहरों में हुई तोड़फोड़ की कड़ी आलोचना की. खामेनेई ने प्रदर्शनकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के लिए अपने ही देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ट्रंप वास्तव में इतने सक्षम हैं, तो उन्हें पहले अपने ही देश की हालत सुधारनी चाहिए.

‘ईरान अधिक सुसज्जित और सशस्त्र’

ईरान के सर्वोच्च नेता ने कहा कि वर्तमान समय में ईरान क्रांति से पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत, आधुनिक और सशस्त्र है. उनका कहना था कि अमेरिका आज भी ईरान की शक्ति का गलत आकलन कर रहा है जैसे वह पहले करता आया है.

ये भी पढ़ें-‘मैंने भारत-पाक के बीच युद्ध रुकवाया’ … ट्रंप ने फिर किया युद्ध रोकने का दावा, अलापा नोबेल वाला राग

चर्चा में शाह के बेटे

ईरान में जारी अशांति के बीच देश के अंतिम शाह मोहम्मद रजा पहलवी के बेटे रजा पहलवी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. उन्होंने ईरान के नागरिकों से सड़कों पर उतरने की अपील की है. हालिया प्रदर्शनों में पूर्व राजशाही के समर्थन में लगे नारों ने उनके नाम को और सुर्खियों में ला दिया है. वहीं निर्वासित राजकुमार रजा पहलवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की. उन्होंने कहा कि खामेनेई के आपराधिक शासन के खिलाफ आपकी चेतावनी ने सरकारी बलों और उनके समर्थकों को पीछे हटने पर मजबूर किया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read