Bharat Express DD Free Dish

जोहान्सबर्ग में गोलीबारी, 10 की मौत और 10 घायल

South Africa Firing: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के बेक्कर्सडाल टाउनशिप में रविवार तड़के 12 हथियारबंद हमलावरों ने टैवर्न और सड़क पर मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं. इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हुए.

South Africa Firing: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पश्चिम में स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में रविवार तड़के हथियारबंद हमलावरों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. पुलिस के मुताबिक, यह हमला रात करीब 1 बजे (लोकल टाइम) हुआ. इस घटना में 20 लोग गोलीबारी का शिकार हुए, जिनमें से 10 की मौत हो गई और बाकी 10 घायल बताए जा रहे हैं.

सड़क पर भी चली गोलियां

पुलिस ने बताया कि कुछ पीड़ितों को अज्ञात हमलावरों ने सड़क पर गोली मारी. यह हमला जोहान्सबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हुआ. फिलहाल गोलीबारी के पीछे का मकसद साफ नहीं हो पाया है.

सोने की खदानों के पास फायरिंग

गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि अधिकारी अब भी पीड़ितों की पहचान करने में जुटे हैं. यह गोलीबारी एक अनौपचारिक बार (टैवर्न) के पास हुई, जो सोने की खदानों के नजदीक स्थित गरीब इलाके में है. पुलिस ने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिस जगह यह घटना हुई वहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी.

12 हमलावरों का हमला

पुलिस ने बयान में कहा कि एक सफेद कोम्बी और सिल्वर सेडान में सवार करीब 12 अज्ञात हमलावरों ने टैवर्न में मौजूद लोगों पर गोलियां चलाईं. भागते समय भी उन्होंने बेतरतीब फायरिंग की. स्थानीय मीडिया एसएबीसी के मुताबिक, हमलावरों ने अंदर मौजूद ग्राहकों और बाहर सड़कों पर खड़े लोगों पर भी गोलियां बरसाईं.

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान और पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना मामले में 17-17 साल जेल की सजा

अपराध दर पर चिंता

पुलिस अब लोगों के बयान दर्ज कर रही है और राष्ट्रीय अपराध प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच चुकी है. इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें एक तीन साल का बच्चा भी शामिल था. दक्षिण अफ्रीका की 63 मिलियन आबादी वाले देश में अपराध दर काफी ऊंची है और यह दुनिया के सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में गिना जाता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read