Kapil Sharma Cafe Firing: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है. फ्रांस में गैंग से जुड़े गैंगस्टर गरिंदर देव को गिरफ्तार किया गया है. अब उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कनाडा भेजा जाएगा.
कनाडा में डिपोर्ट का आदेश
इसी बीच कनाडा में एक और मामला सामने आया है. यहां जशनदीप सिंह नाम के युवक को देश से बाहर भेजने का आदेश दिया गया है. उस पर आरोप है कि उसने कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग में इस्तेमाल हुए हथियार को छिपाने में मदद की थी. हालांकि अभी तक उस पर कोई औपचारिक आपराधिक केस दर्ज नहीं हुआ है.
अमेरिकी आरोपपत्र के बाद कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा लॉरेंस बिश्नोई और उसके नेटवर्क से जुड़े दो भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने के कुछ दिन बाद हुई है. अमेरिकी दस्तावेजों के अनुसार 40 वर्षीय गरिंदर देव कई नामों (डॉक्टर’, ‘रॉकेट’ और ‘रिट्ज कार्लटन) से जाना जाता है. आरोप है कि वह गैंग को आर्थिक फायदा पहुंचाने और ड्रग्स की तस्करी में शामिल था.
ड्रग्स तस्करी का आरोप
जांच में सामने आया कि उसने दक्षिणी कैलिफोर्निया से अमेरिका के पूर्वी हिस्से तक कोकीन और हेरोइन भेजने की साजिश में मदद की थी. जून 2025 में करीब 99 किलो से ज्यादा कोकीन और 1 किलो हेरोइन की खेप भेजने की कोशिश की गई थी, जिसे अमेरिकी एजेंसियों ने बीच रास्ते में ही पकड़ लिया.
जशनदीप का दावा
जशनदीप सिंह साल 2022 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था. उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है. इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अर्शदीप सिंह को कनाडा से डिपोर्ट किया जा चुका है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

