Mexico Plane Crash: मेक्सिको में सोमवार को एक छोटा प्राइवेट विमान इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई. घटना सैन माटेओ एटेंको में हुई, जो टोलुका एयरपोर्ट से करीब 5 किलोमीटर दूर एक औद्योगिक क्षेत्र है और मेक्सिको सिटी से लगभग 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है. विमान ने अकापुल्को से उड़ान भरी थी.
विमान में आग लगने से मची अफरातफरी
नागरिक सुरक्षा समन्वयक एड्रियन हर्नांडेज ने बताया कि विमान में आठ यात्री और दो चालक दल के सदस्य सवार थे. दुर्घटना के घंटों बाद तक केवल सात शव ही बरामद किए जा सके. विमान ने एक फुटबॉल मैदान पर उतरने की कोशिश की थी लेकिन पास की एक बिल्डिंग की लोहे की छत से टकरा गया. टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिसने आसपास के इलाके को भी अपनी चपेट में ले लिया.
दमकल और बचाव दल की तैनाती
हादसे के बाद तुरंत दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया. सैन माटेओ एटेंको की मेयर एना मुनिज ने बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के करीब 130 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. प्रशासन ने एहतियातन पूरे इलाके को घेर लिया ताकि किसी तरह की और दुर्घटना न हो.
लोगों में दहशत
स्थानीय प्रशासन ने कहा कि हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और लोग हादसे से सहमे हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि विमान दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




