Israel Iran conflict: ईरान और इजरायल के बीच लगातार हमलों ने पूरे मिडिल ईस्ट को युद्ध की आग में झोंक दिया है. ईरान ने सऊदी, कतर और कुवैत में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है, वहीं इजरायली सेना तेहरान और बेरूत पर बमबारी कर रही है. दोनों तरफ से हो रहे हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है.
अमेरिका का सख्त रुख
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि जरूरत पड़ने पर ईरान में अमेरिकी ग्राउंड फोर्स तैनात की जा सकती है. उन्होंने न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्हें सैनिकों को जमीन पर भेजने में कोई दिक्कत नहीं है. ट्रंप का कहना है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चार हफ्ते तक चल सकता है और वॉशिंगटन तेहरान की मिसाइल और न्यूक्लियर क्षमता को खत्म करने के लिए हर कदम उठाएगा.
ईरान की धमकी
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का ऐलान कर दिया है. उसने चेतावनी दी है कि जो भी जहाज इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा, उसे आग लगा दी जाएगी. ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया है कि उसने कुवैत के आरिफजान बेस पर 10 ड्रोन से हमला किया और टारगेट को सफलतापूर्वक हिट किया.
इजरायल की कार्रवाई
इजरायली सेना ने बेरूत में हिज्बुल्लाह के कमांड सेंटर और हथियारों के ठिकानों पर बमबारी की है. तेहरान में ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के हेडक्वार्टर पर भी हमला किया गया. यह हमला अमेरिकी और इज़रायली संयुक्त अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है.
अरब देशों में तनाव
UAE ने कहा है कि उसका एयर डिफेंस ईरान की तरफ से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में जुटा है. वहीं इराकी मीडिया ने बताया कि अबू ग़रीब जेल कॉम्प्लेक्स के पास एक ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया. इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ.
अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी
US स्टेट डिपार्टमेंट ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे तुरंत मिडिल ईस्ट के कई देशों से निकल जाएं. इसमें बहरीन, मिस्र, ईरान, इराक, इजरायल, वेस्ट बैंक, गाजा, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, सीरिया, UAE और यमन शामिल हैं. जॉर्डन में अमेरिकी एंबेसी का स्टाफ भी सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए मिशन छोड़ चुका है.
ये भी पढ़ें-भारत रूस से खरीदेगा S-400 मिसाइल सिस्टम के पांच नए स्क्वाड्रन, दुनिया देख चुकी है ताकत
ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया ने जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर हमले की धमकी दी है. इस बीच, इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों से ईरान का इंफ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह प्रभावित हुआ है. लगातार हमलों और पलटवारों ने पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर दिया है और हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


