प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने टेलीफोन कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. दोनों नेताओं के बीच बातचीत में भारत और UAE के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
प्रधानमंत्री मोदी और UAE के राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाई देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में आगे की संभावनाओं पर विचार किया. बातचीत के दौरान ऊर्जा, रक्षा, तकनीक, निवेश और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नए कदम उठाने पर चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने भारत-UAE संबंधों को और व्यापक तथा मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई.
BRICS अध्यक्षता की सफलता पर UAE की बधाई
बातचीत के दौरान UAE के राष्ट्रपति ने भारत की सफल BRICS अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी. प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS शिखर सम्मेलन में UAE के क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भागीदारी की सराहना की.
प्रधानमंत्री ने भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान UAE की ओर से मिले सहयोग और साझेदारी के लिए भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि UAE के सहयोग से भारत की अध्यक्षता के दौरान ठोस और महत्वपूर्ण परिणाम हासिल करने में मदद मिली.
पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा
दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया. इस दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भारत और UAE के बीच लगातार सहयोग और समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई गई.
बातचीत से यह भी स्पष्ट हुआ कि दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पश्चिम एशिया की क्षेत्रीय परिस्थितियों को लेकर भी आपसी संपर्क और समन्वय को महत्वपूर्ण मानते हैं. ऊर्जा और निवेश से लेकर रक्षा, तकनीक और स्वास्थ्य तक कई क्षेत्रों में बढ़ता सहयोग भारत-UAE संबंधों को लगातार नई दिशा दे रहा है.
यह भी पढ़ें- रोजगार मेले में पीएम मोदी 51 हजार से अधिक युवाओं में बांटेंगे नियुक्ति पत्र
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





