US Israel Iran Conflict: पश्चिमी एशिया में छिड़ी जंग के 10वें दिन इजरायल की ओर से दावा किया गया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का बेटा भी इजरायली हमलों का शिकार हो गया है. खामेनेई के बेटे का नाम मुजतबा खामेनेई है, जिसे एक दिन पहले ही ईरान का नया सुप्रीम लीडर घोषित किए जाने की खबरें आई थीं.
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, मुजतबा खामेनेई इजराइली हमले में घायल हुआ है. इजराइली अधिकारी मानते हैं कि मुजतबा जिंदा है, लेकिन वो जख्मी है. ईरानी सरकारी टीवी ने उन्हें “जानबाज” बताया, जिसका मतलब दुश्मन के हमले में घायल होना है. हालांकि, उस पर हमला किस जगह हुआ, यह स्पष्ट नहीं किया गया है.
पिता से भी ज्यादा कट्टर हैं मुजतबा
मुजतबा खामेनेई ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं. वे 55-56 साल के हैं और लंबे समय से ईरान की सत्ता में छिपे हुए प्रभावशाली व्यक्ति माने जाते हैं. उन्होंने कभी कोई बड़ा सरकारी पद नहीं संभाला, लेकिन इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और धार्मिक नेताओं के बीच गहरे संबंध हैं. वे सख्त विचारधारा वाले माने जाते हैं और पिता से भी ज्यादा कट्टर बताए जाते हैं.
28 फरवरी को हुई खामेनेई की मौत
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में हुई थी. यह हमला ईरान युद्ध की शुरुआत था. खामेनेई 1989 से इस पद पर थे, जब रुहोल्लाह खुमैनी की मौत के बाद उन्हें चुना गया. वे 1979 की इस्लामिक क्रांति में भी सक्रिय थे और 1981 से 1989 तक राष्ट्रपति रहे. उनकी मौत के साथ ईरान में नेतृत्व का संकट पैदा हो गया.
‘मुजतबा को ढूंढकर मार दिया जाएगा’
बीती रात ईरान के एक्सपर्ट्स असेंबली ने मुजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया. सरकारी टीवी ने इसकी पुष्टि की. यह फैसला अमेरिका और इजराइल की धमकियों के बावजूद लिया गया. दोनों देशों ने कहा था कि बिना इजाजत नया लीडर चुना तो उसे ढूंढकर मार दिया जाएगा. मुजतबा को IRGC का समर्थन मिला है, जिसने उनको वफादारी का ऐलान किया.
इजरायल-अमेरिकी हमले में कुनबा ढेर
28 फरवरी के हमले में मुजतबा की पत्नी, बेटी और पिता की मौत हो गई थी. कुछ रिपोर्ट्स में उनकी मां की भी मौत बताई गई. युद्ध शुरू होने के बाद मुजतबा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे थे. उनकी नियुक्ति को इजराइल के खिलाफ चुनौती माना जा रहा है.
इजराइल ने पहले ही धमकी दी थी कि नया सुप्रीम लीडर जो भी बनेगा, उसे खत्म कर दिया जाएगा. युद्ध में दोनों तरफ हमले जारी हैं. ईरान ने मुजतबा के नाम पर इजराइल पर मिसाइल दागीं, जिससे इजराइल में हड़कंप मच गया. हमले तनाव को और बढ़ा रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



