Mojtaba Khamenei Russia escape Iran war: मिडिल ईस्ट की इस खौफनाक जंग के बीच एक ऐसी सनसनीखेज खबर आ रही है, जो अगर पूरी तरह सच साबित हुई तो युद्ध का नक्शा बदल सकती है. दावा किया जा रहा है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई तेहरान से गायब हैं और उन्हें बेहद गुप्त तरीके से रूस पहुंचा दिया गया है. कुवैती अखबार ‘अल जरीदा’ की एक रिपोर्ट ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है, जिसमें कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई को रूसी सैन्य विमान के जरिए मॉस्को ले जाया गया है, जहां राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें न केवल शरण दी है बल्कि उनके इलाज के लिए खास इंतजाम भी किए हैं.
तेहरान से मॉस्को: क्या है इनसाइड स्टोरी?
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में जारी भारी बमबारी और इजरायली हवाई हमलों के बीच मोजतबा खामेनेई की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर बड़ा खतरा पैदा हो गया था. कहा जा रहा है कि मोजतबा हालिया हमलों में गंभीर रूप से घायल हुए थे और तेहरान के किसी अस्पताल में उनका इलाज करना मुमकिन नहीं था, क्योंकि वहां उनकी लोकेशन लीक होने का डर था.
दावा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खुद ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियन से बात की और मोजतबा को रूस लाने का प्रस्ताव रखा. इसके बाद गुरुवार को एक रूसी मिलिट्री प्लेन मोजतबा को लेकर मॉस्को पहुंचा, जहां उन्हें राष्ट्रपति भवन (क्रेमलिन) के पास स्थित एक हाई-टेक अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूत्रों का कहना है कि वहां उनकी एक सफल सर्जरी भी हुई है.
डोनाल्ड ट्रंप का तंज-‘मैंने सुना है वो मर चुके हैं’
मोजतबा खामेनेई के गायब होने और उनकी चोटों की खबरों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी चिर-परिचित शैली में तड़का लगा दिया है. ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि मुझे तो ये भी नहीं पता कि वो जिंदा हैं या नहीं. अब तक किसी ने उन्हें सामने आकर दिखाया क्यों नहीं? मैं तो सुन रहा हूं कि शायद वो मर चुके हैं. ट्रंप ने आगे कहा कि अगर मोजतबा जिंदा हैं, तो उन्हें अपने देश की भलाई के लिए तुरंत सरेंडर कर देना चाहिए. हालांकि, अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि मोजतबा घायल हैं और शायद उनका चेहरा भी बिगड़ चुका है, इसीलिए वे कैमरे के सामने नहीं आ रहे.
यह भी पढ़ें: Iran War: क्या पीएम मोदी का एक फोन कॉल रोक देगा महाविनाश? UAE के बाद अब ईरान ने दे दिया बड़ा मैसेज
ट्रंप के तंज पर क्या बोला ईरान?
इधर ईरान की सरकार इन तमाम खबरों को सिरे से खारिज कर रही है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बयान जारी कर कहा कि सुप्रीम लीडर बिल्कुल सुरक्षित हैं और अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं. हाल ही में मोजतबा के नाम से एक लिखित संदेश भी जारी किया गया है जिसमें उन्होंने ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ को बंद करने और दुश्मनों से बदला लेने की कसम खाई है. लेकिन सवाल वही है कि अगर वे ठीक हैं, तो उनका कोई वीडियो या फोटो सामने क्यों नहीं आ रहा?
क्या रूस-ईरान की ‘दोस्ती’ अमेरिका को देगी चुनौती?
मोजतबा खामेनेई का रूस जाना सिर्फ एक मेडिकल इमरजेंसी नहीं, बल्कि एक बड़ा कूटनीतिक संदेश भी है. अगर रूस सीधे तौर पर ईरान के सुप्रीम लीडर की हिफाजत कर रहा है, तो इसका मतलब है कि पुतिन इस युद्ध में अब खुलकर पर्दे के पीछे से सामने आ रहे हैं. यह स्थिति अमेरिका और इजरायल के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




